32 साल की उम्र में हर महीने 10 लाख रुपये से ज्यादा कमाती है ये महिला, 20 साल बाद रिटायर होने का है प्लान
दुबई में रहने वाली 32 वर्षीय वियतनामी महिला ने मेहनत और हुनर के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। एक छोटे सैलून से शुरुआत करने वाली यह नेल आर्टिस्ट आज महीने में 10 लाख रुपये से ज्यादा कमा रही हैं। लगातार मेहनत और सही फैसलों ने उनकी जिंदगी बदल दी और अब वह भविष्य के लिए रिटायरमेंट का भी प्लान बना रही हैं
बेहतर भविष्य की तलाश में हर साल लाखों लोग अपने देश को छोड़कर विदेश का रुख करते हैं। किसी का लक्ष्य अच्छी नौकरी पाना होता है तो कोई अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए नई शुरुआत करता है। हालांकि, विदेशी जमीन पर खुद को स्थापित करना आसान नहीं होता। नई भाषा, अलग संस्कृति, कड़ी प्रतिस्पर्धा और सीमित संसाधनों के बीच अपनी पहचान बनाना बड़े संघर्ष की मांग करता है। फिर भी कुछ लोग अपने हुनर, मेहनत और सही फैसलों के दम पर ऐसी सफलता हासिल कर लेते हैं, जो दूसरों के लिए प्रेरणा बन जाती है।
ऐसे लोग केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समय के साथ अपना कारोबार भी खड़ा कर लेते हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही महिला की कहानी बता रहे हैं, जिसने मामूली नौकरी से शुरुआत की, फिर अपने हुनर के दम पर शानदार कमाई की और आखिरकार अपना खुद का बिजनेस शुरू कर सफलता की नई मिसाल कायम की।
छोटे सैलून से शुरू हुआ सफर
फुलाह पिछले 12 वर्षों से नेल आर्ट का काम कर रही हैं। करीब छह साल पहले वह दुबई पहुंचीं और एक छोटे से सैलून में नौकरी शुरू की। शुरुआती दिनों में उन्हें हर महीने 3,500 दिरहम (करीब 89 हजार रुपये) वेतन मिलता था। उन्होंने दो साल तक वहां काम किया और अनुभव हासिल करने के बाद फ्रीलांस काम करने का फैसला लिया।
फ्रीलांसिंग ने बदल दी कमाई
नौकरी छोड़ने के बाद फुलाह ने खुद के दम पर फ्रीलांस नेल आर्टिस्ट के रूप में काम शुरू किया। लगातार मेहनत और बिना छुट्टी लिए काम करने की वजह से उनकी कमाई तेजी से बढ़ी। हर महीने वह 30,000 से 40,000 दिरहम (करीब 7.7 लाख से 10.2 लाख रुपये) तक कमाने लगीं।
खास हुनर बना सफलता की पहचान
फुलाह साल 2012 से नेल आर्ट कर रही हैं। उनका कहना है कि वह किसी भी तरह का नेल डिजाइन बना सकती हैं। खासतौर पर 3D नेल आर्ट, जिसमें फूल, जानवर, स्टोन और आकर्षक डिजाइन शामिल होते हैं, उनकी सबसे बड़ी पहचान बन चुका है। इसी हुनर की वजह से उनके पास ग्राहकों की लगातार लाइन लगी रहती थी।
कमाई का हर पैसा सोच-समझकर किया इस्तेमाल
अच्छी कमाई के बावजूद फुलाह ने कभी फिजूलखर्ची नहीं की। वह हर महीने खाने पर करीब 1,000 दिरहम, घर का किराया और पेट्रोल पर 5,000 दिरहम खर्च करती थीं। इसके अलावा 5,000 दिरहम वियतनाम में निवेश के लिए भेजती थीं, जबकि बाकी पैसा अपने भविष्य के बिजनेस के लिए बचाती रहीं।
अब खोला अपना सैलून
कई साल तक फ्रीलांस काम करने के बाद फुलाह ने आखिरकार दुबई में अपना खुद का सैलून खोल लिया। उनके सैलून में पेडीक्योर के लिए दो चेयर, मैनीक्योर के लिए तीन टेबल, हेयर स्टेशन, हेयर वॉश और मसाज रूम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
फिलहाल नहीं ले रहीं कोई सैलरी
सैलून शुरू होने के बाद फिलहाल फुलाह खुद कोई वेतन नहीं ले रही हैं। उनका पूरा फोकस बिजनेस को मजबूत बनाने पर है। उन्होंने अपनी सारी बचत सैलून में निवेश कर दी है और उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में वह फिर से अपनी नियमित आय शुरू कर देंगी।
भविष्य का सपना
फुलाह का सपना सिर्फ एक सैलून तक सीमित नहीं है। वह आने वाले समय में यूएई में कई ब्रांच खोलना चाहती हैं। वहीं अगले 20 सालों में वह रिटायर होकर वियतनाम में जमीन और घर खरीदना चाहती हैं, जहां वो खेती करें, जानवरों के साथ रहें और प्रकृति के बीच शांत जीवन बिताएं।