E20 पेट्रोल में 'गन्ने का रस'? गाड़ी के टैंक पर जमा हो गईं चींटियां! क्या है इस Viral Video की सच्चाई

वीडियो देखने के बाद लोग मजे लेकर पूछ रहे हैं- "क्या अब पेट्रोल में गन्ने का रस मिलाया जा रहा है जो चींटियां वहां दावत उड़ा रही हैं?" लेकिन क्या वाकई पेट्रोल मीठा हो गया है या इसके पीछे कोई और वैज्ञानिक वजह है? आइए इसके पीछे की पूरी सच्चाई से रूबरू होते हैं

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 4:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
E20 पेट्रोल में 'गन्ने का रस'? गाड़ी के टैंक पर जमा हो गईं चींटियां! क्या है इस Viral Video की सच्चाई

देश में इन दिनों E20 फ्यूल को लेकर कई तरह बहस और दावे चल रहे हैं। ऐसे में सिक्किम से सामने आए एक वीडियो ने इन दिनों सोशल मीडिया पर हंगामा मचा रखा है। इस वीडियो में एक कार की पेट्रोल टंकी के ढक्कन के पास ढेर सारी चींटियां जमा दिखाई दे रही हैं। वीडियो देखने के बाद लोग मजे लेकर पूछ रहे हैं- "क्या अब पेट्रोल में गन्ने का रस मिलाया जा रहा है जो चींटियां वहां दावत उड़ा रही हैं?" लेकिन क्या वाकई पेट्रोल मीठा हो गया है या इसके पीछे कोई और वैज्ञानिक वजह है? आइए इसके पीछे की पूरी सच्चाई से रूबरू होते हैं।

Fact Check: क्या पेट्रोल में चीनी होती है?

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि सरकार आजकल E20 पेट्रोल, जिसमें 20% इथेनॉल होता है, बेच रही है। लोगों को लगता है कि क्योंकि इथेनॉल गन्ने से बनता है, इसलिए पेट्रोल में चीनी या रस मौजूद है और चींटियां उसी के लालच में आ रही हैं।


सच्चाई क्या है?

यह सच है कि भारत में अब पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिलाया जा रहा है, ताकि बाहर से तेल कम मंगाना पड़े। हालांकि, इथेनॉल गन्ने के शीरे (molasses) से ही बनता है, लेकिन बनाने की प्रक्रिया के दौरान इसकी सारी चीनी या मिठास खत्म हो जाती है। आखिर में जो बचता है, वह सिर्फ एक केमिकल (अल्कोहल) होता है। यानी, पेट्रोल में कोई चीनी या गन्ने का रस नहीं होता।

फिर चींटियां वहां क्यों जमा हुईं?

अगर पेट्रोल मीठा नहीं है, तो चींटियां वहां क्या कर रही थीं? जानकारों के मुताबिक इसके दो मुख्य कारण हो सकते हैं:

मीठी खुशबू: इथेनॉल की गंध थोड़ी मीठी होती है। चींटियों को यह गंध सड़े हुए फलों या खाने जैसी लगती है, जिससे वे धोखा खा जाती हैं और वहां खिंची चली आती हैं।

गर्मी और सुरक्षा: सिक्किम जैसे ठंडे और नमी वाले इलाकों में कार का फ्यूल टैंक वाला हिस्सा थोड़ा गर्म और सुरक्षित होता है। चींटियों को ऐसी जगह छिपने के लिए अच्छी लगती है।

अब 100% इथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां: नितिन गडकरी

एक तरफ जहां लोग चींटियों को लेकर हैरान हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार पेट्रोल पर निर्भरता पूरी तरह खत्म करने की तैयारी में है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि जल्द ही देश में E100 (100% इथेनॉल) से चलने वाली गाड़ियां सड़क पर दौड़ेंगे।

इस दिशा में क्या-क्या हुआ है?

  • Maruti Suzuki अपनी वैगन-आर (WagonR) का ऐसा मॉडल ला चुकी है जो पूरी तरह इथेनॉल पर चलेगा।
  • Hero Motocorp ने भी 100% इथेनॉल वाली दो बाइक पेश की हैं।
  • Toyota, Hyundai और MG जैसी बड़ी कंपनियां भी जल्द ही ऐसे 'फ्लेक्स-फ्यूल' इंजन वाले वाहन लाने वाली हैं।

नितिन गडकरी का कहना है कि इथेनॉल पेट्रोल का सबसे सस्ता और बेहतर विकल्प है। जल्द ही नागपुर में हाइड्रोजन से चलने वाली बसों का भी ट्रायल शुरू किया जाएगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।