Viral News: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक शख्स ने एक बुजुर्ग के ड्राइविंग को लेकर एक हैरान करने वाली पोस्ट डाली है। शख्स ने ट्रैफिक सिग्नल पर एक बुजुर्ग कार चालक के साथ हुई घटना सोशल मीडिया पर शेयर की। उसका दावा है कि बुजुर्ग चालक को कार आगे बढ़ाने में काफी परेशानी हो रही थी और इस दौरान उसने तीन बार उसकी कार को टक्कर मार दी। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर सड़क सुरक्षा और बुजुर्ग लोगों के लिए ड्राइविंग से जुड़ी परेशानियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
एक्स पर विश्वरूप समाजदार ने बताया कि, वह रेड लाइट पर खड़े थे और उनके आगे हुंडई ग्रैंड आई10 में एक बुजुर्ग व्यक्ति बैठे थे। सिग्नल के ग्रीन होने के बाद बुजुर्ग चालक, कार को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन हल्की चढ़ाई होने के कारण कार बार-बार बंद हो रही थी।
'कार बार-बार पीछे हो रही थी'
विश्वरूप समाजदार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि एक बुजुर्ग व्यक्ति ग्रैंड आई10 चला रहा था और ट्रैफिक में उनकी कार के आगे था। रेड लाइट, ग्रीन होने के बाद बुजुर्ग चालक कार को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कार बार-बार रुक रही थी। उन्होंने बताया कि सड़क पर हल्की चढ़ाई होने के कारण कार पीछे की ओर खिसक रही थी। समाजदार का आरोप है कि इस दौरान कार उनकी गाड़ी से तीन बार हल्के से टकराई। उन्होंने कहा कि चालक को समझ नहीं आ रहा था कि कार को कैसे संभालना है, इसलिए उन्होंने कई बार हॉर्न बजाया और फिर कार के बराबर जाकर उसकी खिड़की नीचे की।
उन्होंने आगे बताया कि बुजुर्ग चालक ने कहा कि उनकी कार बार-बार रुक रही थी। इस पर उन्होंने चालक को बताया कि उसकी कार उनकी गाड़ी से तीन बार टकराई है। उनके मुताबिक, बुजुर्ग व्यक्ति मुस्कुराए और बोले, “होता है।” टक्कर हल्की थी और उनकी कार को कोई खास नुकसान नहीं हुआ, इसलिए उन्हें गुस्सा नहीं आया। हालांकि, अगले ट्रैफिक सिग्नल पर भी बुजुर्ग चालक को कार आगे बढ़ाने में परेशानी हुई और उनकी गाड़ी फिर टकराने वाली थी। इसके बाद उन्होंने अपनी कार पीछे कर ली और दोनों गाड़ियों के बीच करीब एक कार जितनी दूरी रखी। उन्होंने कहा कि कुछ बुजुर्ग लोगों के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो सकता है, लेकिन ऐसी स्थिति में उन पर चिल्लाना सही नहीं है।
लोगों ने ऐसा दिया रिएक्शन
इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई है। कुछ लोगों का कहना है कि बुजुर्ग चालक पर गुस्सा करने के बजाय युवक को उनकी मदद करनी चाहिए थी। वहीं, कुछ यूजर्स ने सुझाव दिया कि बुजुर्ग लोगों की ड्राइविंग क्षमता की समय-समय पर जांच होनी चाहिए। एक यूजर ने कहा कि ऐसी परेशानी सिर्फ बुजुर्गों को ही नहीं, बल्कि युवाओं को भी हो सकती है और ऐसी स्थिति में मदद करना ज्यादा सही है। वहीं, दूसरे यूजर ने चालक के “होता है” और “चलता है” जैसे जवाब पर नाराजगी जताई।