एलॉन मस्क दुनिया के सबसे अमीर और सफल व्यक्तियों में से एक है। वह अपनी सफलता का क्रेडिट मेहनत और टाइम मैनेजमेंट को देते हैं। इसके अलावा कुछ बातों को वह हमेशा से फॉलो करते आए हैं। वहीं हाल ही में टेस्ला के पूर्व प्रेसिडेंट जॉन मैकनील ने एलॉन मस्क के एक ऐसी खासियत के बारे में बात की है, जिसे काफी कम लोग ही जानते हैं। उन्होंने बताया कि, ऑफिस में मस्क कैसे कर्मचारियों के पंसद करते हैं।
टेस्ला के पूर्व प्रेसिडेंट जॉन मैकनील ने खुलासा किया है कि एलॉन मस्क ऐसे कर्मचारियों को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं, जो एक सामान्य कर्मचारी के मुकाबले “10 गुना” बेहतर काम कर सकें। उन्होंने बताया कि मस्क की नजर हमेशा बेहद प्रतिभाशाली और तेज काम करने वाले लोगों पर रहती है। जॉन मैकनील ने 2015 से 2018 तक टेस्ला में प्रेसिडेंट के रूप में काम किया था। अपनी किताब ‘द एल्गोरिदम’ में उन्होंने लिखा है कि एलॉन मस्क भर्ती के मामले में बहुत सोच-समझकर फैसले लेते हैं।
मस्क को ऐसे कर्मचारी हैं पसंद
उनके मुताबिक, मस्क सिर्फ ऐसे लोगों के साथ काम करना पसंद करते हैं जिन्हें “वर्ल्ड क्लास टैलेंट” माना जाता है। यानी ऐसे कर्मचारी, जो बड़े स्तर पर असर डाल सकें और कंपनी के लिए असाधारण योगदान दे सकें। एलॉन मस्क धीरे-धीरे काम की रफ्तार बढ़ाने के बजाय ऐसे कर्मचारियों को पसंद करते हैं, जो कम समय में बड़ा असर डाल सकें। वह खास तौर पर उन लोगों को महत्व देते हैं जो खुद से सोच सकें, कठिन समस्याओं का हल निकाल सकें और सामान्य कर्मचारियों की तुलना में कहीं बेहतर नतीजे दे सकें।
टेस्ला के पूर्व प्रेसिडेंट जॉन मैकनील ने फॉर्च्यून को दिए इंटरव्यू में कहा, “एलॉन मस्क की सोच काफी अलग है। वह बड़ी चुनौतियों के बारे में गहराई से सोचते हैं और अपने दिन का समय इन्हीं समस्याओं को समझने में लगाते हैं। फिर वह उन्हें हल करने का कोई नया तरीका खोज लेते हैं।” जॉन मैकनील के मुताबिक, एलॉन मस्क के साथ काम करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता, क्योंकि उनका काम करने का तरीका काफी दबाव वाला माना जाता है। उन्होंने बताया कि मस्क सिर्फ बेहद प्रतिभाशाली और बेहतरीन काम करने वाले लोगों के साथ काम करना पसंद करते हैं। मैकनील ने ऐसे कर्मचारियों को “10Xers” कहा, यानी ऐसे लोग जो एक आम कर्मचारी के मुकाबले 10 गुना ज्यादा बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। नके अनुसार, मस्क उन लोगों को सबसे ज्यादा महत्व देते हैं जो मुश्किल चुनौतियों में भी शानदार नतीजे देकर दिखा सकें।
जॉन मैकनील के अनुसार, बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी सिर्फ तकनीकी रूप से मजबूत नहीं होते, बल्कि उनकी सोच भी अलग होती है। ऐसे लोग पुरानी सोच और नियमों को चुनौती देते हैं, मूल बातों पर ध्यान देते हैं और काम को बहुत तेजी से पूरा करते हैं। उन्होंने कहा, “हम इतनी तेजी से आगे बढ़ पाए, क्योंकि हमारी टीम में बेहद काबिल लोग थे। यह ऐसा था जैसे आपके पास शानदार और ताकतवर घोड़ों की पूरी टीम हो। आप उन्हें कोई लक्ष्य देते हैं और वे उसे पूरा करके दिखा देते हैं। सबसे खास बात यह है कि काम पूरा करने के बाद भी वे अगले बड़े लक्ष्य के लिए तैयार रहते हैं।”
मस्क ने ऐसे की कंपनी की परेशानियों को दूर
एलॉन मस्क की यह सोच उनके खास काम करने के तरीके से जुड़ी हुई है। जॉन मैकनील ने इसे पांच फेज वाले एक “एल्गोरिदम” के रूप में समझाया है। इसमें सबसे पहले जरूरतों पर सवाल उठाना, फिर बेकार की चीजों को हटाना, प्रक्रियाओं को आसान बनाना, काम की रफ्तार तेज करना और आखिर में सिस्टम को ऑटोमेट करना शामिल है। मैकनील के मुताबिक, इसी तरीके की वजह से टेस्ला ने अपने सबसे अहम दौर में बड़ी सफलता हासिल की। खासकर मॉडल X और मॉडल 3 को बाजार में उतारते समय कंपनी ने उत्पादन से जुड़ी कई बड़ी परेशानियों को तेजी से दूर किया और तेज गति से आगे बढ़ी।