किसी कंपनी में लंबे समय तक काम करने के बाद अचानक नौकरी चले जाना किसी भी कर्मचारी के लिए बड़ा झटका हो सकता है। हाल ही में एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर अपनी कहानी शेयर की है। उन्होंने बताया कि 11 साल तक एक ही कंपनी में काम करने के बाद उनकी नौकरी चली गई। उनका ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने वर्कप्लेस लॉयल्टी, जॉब सिक्योरिटी और लॉन्ग टर्म करियर प्लानिंग जैसे मुद्दों पर नई बहस शुरू हो गई है। इस पोस्ट पर लोगों ने तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
सुरेश पंत ने कहा कि नौकरी जाने के बाद उन्हें कई अहम सीख मिलीं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे नई स्किल्स सीखते रहें और अपना प्रोफेशनल नेटवर्क मजबूत बनाएं, क्योंकि यही भविष्य में सबसे ज्यादा काम आता है।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
LinkedIn पर पोस्ट शेयर करते हुए सुरेश पंत ने लिखा, "एक ही कंपनी में 11 साल तक काम करने के बाद मुझे हाल ही में नौकरी से हटा दिया गया और मुझे दो महीने के नोटिस पीरियड की सैलरी भी नहीं मिली। इस घटना ने मुझे एक अहम सीख दी है कि अपने पूरे करियर को केवल एक कंपनी के भरोसे नहीं छोड़ना चाहिए और न ही अपनी सारी वफादारी सिर्फ एक ही संगठन को समर्पित कर देनी चाहिए।" उन्होंने दावा किया कि, नौकरी खत्म होने के बाद भी उन्हें दो महीने के नोटिस पीरियड का भुगतान नहीं मिला। इस एक्सपीरिएंस को शेयर करते हुए उन्होंने नौकरीपेशा लोगों को करियर के प्रति हमेशा तैयार रहने और भविष्य के लिए वैकल्पिक योजनाएं बनाने की सलाह दी।
नई चीजें सीखते रहना चाहिए
सुरेश पंत ने कहा कि, आज के समय में कोई भी कंपनी हमेशा के लिए नौकरी की पूरी सुरक्षा नहीं दे सकती। इसलिए कर्मचारियों को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए और अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाते रहना चाहिए। उन्होंने आगे लिखा, "किसी भी कंपनी से ज्यादा आपकी काबिलियत, अनुभव और सीखी हुई स्किल्स ही आपके करियर की सबसे बड़ी ताकत होती हैं।" ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने दिया ये रिएक्शन
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने रिएक्शन देते हुए कहा, "कंपनी के प्रति समर्पण और मेहनत जरूरी है, लेकिन साथ ही अपने करियर की प्रगति, नई चीजें सीखने और अपनी कीमत को समझना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।" दूसरे यूजर कहा, "अक्सर कंपनियां कर्मचारियों से उम्मीद करती हैं कि वे अपनी जिम्मेदारियों से बढ़कर काम करें, लेकिन खुद कई बार सिर्फ अनुबंध में तय शर्तों तक ही सीमित रहती हैं।"
एक अन्य यूजर ने कहा, "कंपनियां अपने कर्मचारियों से पूरी मेहनत और वफादारी की अपेक्षा करती हैं, लेकिन जब उनकी मेहनत का उचित मूल्य चुकाने या मुश्किल समय में उनका साथ देने की बात आती है, तो कई बार खर्च कम करने और छंटनी जैसे कदम उठा लिए जाते हैं।" इन टिप्पणियों ने कर्मचारियों और कंपनियों के बीच भरोसे तथा कार्यस्थल की संस्कृति को लेकर बहस को और तेज कर दिया।