जहां ज्यादातर युवा 25 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत कर रहे होते हैं, वहीं इस उम्र में एक युवा ने करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर दी। इस युवा ने डॉक्टर बनने का सपना छोड़कर उन्होंने डिजिटल मीडिया और ब्रांडिंग की दुनिया में कदम रखा। छोटी शुरुआत, लगातार मेहनत और नई चीजें सीखने की चाह ने उन्हें कम उम्र में ही सफल बिजनेसमैन की लिस्ट में शामिल कर दिया। 25 साल के युवा बिजनेसमैन का नाम जैद खान है और कम उम्र में ही उसने करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति खड़ी कर दी है।
बता दें कि, जैद खान डिजिटल मार्केटिंग कंपनी ज़ेडिटल मीडिया के संस्थापक हैं। हाल ही में वह 'द करोड़ क्लब' पॉडकास्ट में शामिल हुए, जहां उन्होंने अपने कारोबार की शुरुआत, आर्थिक सफलता और सफल कंपनी चलाने के बावजूद आईआईएम बेंगलुरु में पढ़ाई करने का फैसला क्यों किया, इस बारे में खुलकर बात की। बातचीत के दौरान पॉडकास्ट की होस्ट श्रेया हेगड़े ने ज़ैद खान से पूछा कि वह नए कारोबार शुरू करने वाले युवाओं को क्या सलाह देना चाहेंगे।
जैद खान ने बताया कि वह जेडिटल मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं। उनकी कंपनी ब्रांडिंग और मीडिया विज्ञापन के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी लोगों और कारोबार की पहचान मजबूत करने, सोशल मीडिया मार्केटिंग, कंटेंट प्रमोशन, ऑनलाइन छवि (रेप्युटेशन) बेहतर बनाने और लिंक्डइन प्रोफाइल को आगे बढ़ाने जैसी सेवाएं देती है। उन्होंने बताया कि कारोबार शुरू करने से पहले उनका सपना डॉक्टर बनने का था। उन्होंने कहा कि वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं, जहां उनसे मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी करने की उम्मीद की जाती थी। उन्होंने कहा, "मैं एक मिडिलक्लास परिवार से हूं। परिवार चाहता था कि मैं डॉक्टर बनूं। मेरे सामने सबसे बड़े विकल्प डॉक्टर या इंजीनियर बनने के ही थे।"
जैद खान ने बताया कि डॉक्टर बनने की तैयारी छोड़ने के बाद उन्होंने यूट्यूब चैनलों के साथ काम करना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने फ्रीलांस प्रोजेक्ट किए, जिनमें अमेरिका के कैलिफोर्निया के एक कंटेंट क्रिएटर के साथ काम भी शामिल था। बाद में उन्होंने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई करने का फैसला किया। ज़ैद ने कहा, "मैंने NEET की तैयारी छोड़कर जर्नलिज्म का रास्ता चुना। मेरे माता-पिता ने मुझ पर भरोसा किया और सिर्फ 10 दिन पहले मेरा ए़डमिशन जर्नलिज्म के कोर्स में करा दिया।" उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने सफर की शुरुआत एक Canon 80D कैमरे से की थी। इसके बाद उन्होंने एक प्रोडक्शन हाउस शुरू किया और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
22 साल की उम्र में ही बन गए करोड़पति
जैद खान ने बताया कि उन्होंने साल 2023 में, सिर्फ 22 साल की उम्र में अपना पहला 1 करोड़ रुपये कमाया था। इसके बाद से वह लगातार अपने कारोबार का विस्तार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल वह आईआईएम बेंगलुरु में पढ़ाई कर रहे हैं, ताकि अपने कारोबार से जुड़ी जानकारी और समझ को और बेहतर बना सकें। जैद खान ने कहा, "मुझे लगा कि पढ़ाई के मामले में मैं थोड़ा पीछे रह गया था। इसलिए अब मैं नई चीजें सीख रहा हूं और जो सीखता हूं, उसे अपने कारोबार में भी लागू करता हूं।"