Viral Video: विदेशियों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर बनाई रील...किसी को नहीं हुई परेशानी, भारतीय करते तो क्यों मचता है बवाल?

Viral Video: दिल्ली एयरपोर्ट पर विदेशी यात्रियों के रील बनाने और डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो शेयर करने वाले शख्स ने सवाल उठाया कि अगर भारतीय विदेश में ऐसा करते, तो क्या लोगों का रिएक्शन नॉर्मल होता?

अपडेटेड Sep 13, 2026 पर 6:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक ही तरह के व्यवहार को लोग अलग-अलग तरीके से देखते हैं

Video Viral: दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ विदेशी लोगों के रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल काफी हो रहा है। उदयपुर जाने के लिए फ्लाइट का इंतजार कर रहे एक शख्स ने इसका वीडियो बनाकर शेयर किया। वीडियो शेयर करने के साथ युवक ने लोगों से सवाल किया कि अगर भारतीय विदेश के किसी एयरपोर्ट पर इसी तरह डांस और रील बनाते, तो क्या लोगों का ऐसा ही रिएक्शन होता? वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पब्लिक प्लेस पर लोगों के व्यवहार और सिविक सेंस को लेकर चर्चा शुरू कर दी।

कुछ यूजर्स ने कहा कि विदेश में अगर भारतीय इसी तरह रील बनाएं या डांस करें, तो उनकी काफी आलोचना होती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि भारत में विदेशी ऐसा करें तो लोगों की सोच क्यों बदल जाती है।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो


इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में क्रिएटर मोहित सिंह ने एयरपोर्ट के अंदर कुछ लोगों को डांस करते और वीडियो बनाते हुए दिखाया। आसपास दूसरे यात्री अपने काम में व्यस्त नजर आए। मोहित ने सवाल उठाया कि अगर यही काम भारतीय करें, तो लोगों की प्रतिक्रिया अलग क्यों होती है। उन्होंने कहा, “वहां एक ग्रुप है, शायद वे भी उदयपुर जा रहे हैं। सभी लोग रील बना रहे हैं, डांस कर रहे हैं और मस्ती कर रहे हैं, लेकिन किसी को इससे कोई परेशानी नहीं हो रही है। लेकिन अगर कोई भारतीय विदेश के किसी एयरपोर्ट पर इसी तरह का व्यवहार कर रहा होता और मैं उसका वीडियो बनाकर दिखाता कि ‘देखो भाई, भारतीय विदेश के एयरपोर्ट पर ऐसा कर रहे हैं’, तो कमेंट सेक्शन में लोग सिविक सेंस को लेकर तरह-तरह की बातें करने लगते।”

 

भारतीय की क्यों करते है आलोचना

सिंह ने कहा कि, एक ही तरह के व्यवहार को लोग अलग-अलग तरीके से देखते हैं और ये इस बात पर निर्भर करता है कि ऐसा कौन कर रहा है या घटना कहां हुई है। उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उनके हिसाब से रील बनाना या सार्वजनिक जगह पर डांस करना अपने आप में गलत नहीं है। उन्होंने कहा, “बिना किसी वजह के किसी से नफरत करना सही नहीं है।”

उनके मुताबिक, अगर किसी के ऐसे व्यवहार से दूसरे लोगों को परेशानी होने लगे, तभी यह एक समस्या बनता है। वीडियो शेयर करते हुए सिंह ने कैप्शन में लिखा, “अगर यही काम भारतीय कर रहे होते, तो शायद लोगों का रिएक्शन काफी अलग होता। इसमें किसी से नफरत की बात नहीं है, यह सिर्फ एक नजरिया है।”

यूजर्स ने किया रिएक्शन

इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने उनकी बात का समर्थन किया, जबकि कुछ लोगों का कहना था कि सिविक सेंस को किसी की राष्ट्रीयता के आधार पर नहीं, बल्कि उसके व्यवहार के आधार पर देखा जाना चाहिए। एक यूजर ने लिखा, “बिल्कुल सही।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि कई बार भारतीय ही भारतीयों के प्रति ज्यादा आलोचनात्मक नजर आते हैं और विदेशों में लोग अपने देश की अच्छी चीजों को ज्यादा बढ़ावा देते हैं।

वहीं, कुछ यूजर्स ने एयरपोर्ट पर इस तरह डांस और रील बनाने को गलत बताया। एक यूजर ने कहा कि पब्लिक प्लेस सभी के लिए होते हैं, इसलिए वहां लोगों को दूसरों का ध्यान रखते हुए व्यवहार करना चाहिए।

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।