Google में 20 साल पूरे करने वाले शंकर मुरली ने बताए वो 6 सबक, जो बदल सकते हैं आपका करियर

Google में 20 साल पूरे करने वाले भारतीय एग्जीक्यूटिव शंकर मुरली ने अपने करियर के अनुभव साझा किए हैं। छोटी टीम से शुरू हुआ उनका सफर आज बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें तकनीकी ज्ञान के साथ नेतृत्व और टीम को संभालने की कई अहम सीख मिली

अपडेटेड Aug 04, 2026 पर 3:17 PM
शंकर मुरली की कहानी बताती है कि लंबे करियर में सफलता केवल तकनीकी ज्ञान से नहीं आती।

Google में 20 साल का लंबा सफर पूरा करने वाले भारतीय मूल के एग्जीक्यूटिव शंकर मुरली इन दिनों चर्चा में हैं। उन्होंने अपने करियर के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि एक छोटी टीम और सीमित संसाधनों से शुरू हुआ सफर कैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स तक पहुंचा। इस दौरान उन्होंने तकनीक के साथ-साथ नेतृत्व, टीम मैनेजमेंट और बदलावों के साथ आगे बढ़ने की अहमियत भी सीखी। मुरली ने अपने अनुभवों के आधार पर बताया कि किसी भी प्रोफेशनल सफर में सिर्फ कामयाबी हासिल करना ही जरूरी नहीं,

बल्कि लगातार सीखते रहना और लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। Google में दो दशकों के दौरान उन्होंने कंपनी के कई अहम प्रोजेक्ट्स पर काम किया और अब अपनी सीख को नए प्रोफेशनल्स के साथ साझा कर रहे हैं।

छोटी टीम से शुरू हुआ Google का सफर


कैलिफोर्निया में Google के Trust & Safety Payments डिवीजन में Engineering Analyst Manager के तौर पर काम कर रहे शंकर मुरली ने LinkedIn पोस्ट के जरिए अपने 20 साल के सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि जब वह Google India से जुड़े थे, तब कंपनी भारत में अपनी जगह बना रही थी। उस समय न बड़े ऑफिस थे, न कैफेटेरिया और न ही आज जैसी सुविधाएं। एक छोटी टीम के साथ उन्होंने Google के शुरुआती पेमेंट प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया था।

पेमेंट सिस्टम से लेकर सुरक्षा प्रोजेक्ट तक संभाले

मुरली ने अपने शुरुआती दौर में Google के पहले रिस्क सिस्टम, मर्चेंट रिव्यू और ऑर्डर रिव्यू सिस्टम तैयार करने में योगदान दिया। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में Google के पेमेंट लाइसेंस से जुड़े कामों पर काम किया। बाद में डबलिन में रहते हुए उन्होंने ब्रिटेन के पेमेंट लाइसेंस और वित्तीय रिपोर्टिंग से जुड़े सिस्टम विकसित करने में भूमिका निभाई। उन्होंने Google के विज्ञापन नियमों से जुड़े नकली गतिविधियों को रोकने वाले ऑपरेशंस, अकाउंट सिक्योरिटी प्रोजेक्ट्स और पेमेंट डिवीजन में भी अहम जिम्मेदारियां संभालीं।

20 साल के अनुभव से मिलीं ये 6 बड़ी सीख

1. अच्छा लीडर पहले सुनता है

मुरली के मुताबिक, नेतृत्व का सबसे जरूरी हिस्सा है लोगों को ध्यान से सुनना। उन्होंने बताया कि करियर के शुरुआती दिनों में वह अपने मैनेजर के पास समस्याएं लेकर जाते थे और उम्मीद करते थे कि उन्हें तुरंत समाधान मिल जाएगा। लेकिन समय के साथ उन्हें समझ आया कि कई बार किसी समस्या पर खुलकर बात करने से व्यक्ति खुद उसका हल ढूंढ लेता है।

2. सीखना कभी बंद नहीं करना चाहिए

उन्होंने कहा कि करियर में आगे बढ़ने के लिए लगातार नई चीजें सीखना जरूरी है। साथ ही अपने ज्ञान को दूसरों के साथ साझा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि साझा किया गया ज्ञान लंबे समय तक असर छोड़ता है।

3. खुद उदाहरण बनकर नेतृत्व करें

मुरली का मानना है कि एक लीडर को अपनी टीम से वही उम्मीद करनी चाहिए, जिसे वह खुद करने के लिए तैयार हो। उन्होंने कहा कि टीम को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना जरूरी है, लेकिन लीडर को हमेशा आगे रहकर रास्ता दिखाना चाहिए।

4. लीडरशिप में संवेदनशीलता जरूरी

उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति अपनी जिंदगी में किसी न किसी चुनौती से गुजर रहा होता है, जिसे दूसरे लोग नहीं देख पाते। इसलिए एक अच्छे लीडर को अपनी परेशानियों का दबाव टीम पर नहीं डालना चाहिए और लोगों के प्रति सहानुभूति रखनी चाहिए।

5. मतभेद हों, लेकिन सम्मान बना रहे

मुरली ने कहा कि काम के दौरान विचारों का अलग होना सामान्य है। हर व्यक्ति की सोच अलग हो सकती है, लेकिन बातचीत और व्यवहार में सम्मान बनाए रखना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, असहमति हो सकती है, लेकिन सम्मान से समझौता नहीं होना चाहिए।

6. बदलाव को अपनाना सीखें

Google में अपने 20 साल के अनुभव को याद करते हुए मुरली ने कहा कि इस दौरान कंपनी के प्रोडक्ट, टीमें, नेतृत्व शैली और चुनौतियां लगातार बदलती रहीं। उनके मुताबिक, जो लोग बदलाव के साथ खुद को ढालते हैं, वही लंबे समय तक आगे बढ़ते हैं।

'नेतृत्व सिर्फ पद नहीं, जिम्मेदारी है'

शंकर मुरली की कहानी बताती है कि लंबे करियर में सफलता केवल तकनीकी ज्ञान से नहीं आती। सुनने की क्षमता, सीखने की इच्छा, टीम के प्रति सम्मान और बदलाव को अपनाने की सोच भी उतनी ही जरूरी होती है।

बॉयफ्रेंड से झगड़े के बाद 18वीं मंजिल से कूदी 20 साल की लड़की, चमत्कारिक तरीके से बची जान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।