Google में भर्ती करने वाली एक्सपर्ट ने बताया ऐसा सवाल, जो आपको बाकी उम्मीदवारों से बना देगा अलग
नौकरी का इंटरव्यू सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं होता, बल्कि ये सोच और काम के प्रति नजरिया दिखाने का भी मौका होता है। कई बार इंटरव्यू के आखिर में पूछा गया एक सही सवाल रिक्रूटर पर गहरा प्रभाव छोड़ सकता है और आपको दूसरे उम्मीदवार से अलग पहचान दिलाने में मदद कर सकता है
टीम में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले लोगों की क्या खासियत होती है।
कई लोग नौकरी के इंटरव्यू की तैयारी करते समय अपने रिज्यूमे, अनुभव और संभावित सवालों पर पूरा ध्यान देते हैं। वहीं, इंटरव्यू के अंत में जब उम्मीदवार से पूछा जाता है कि "क्या आपके मन में कोई सवाल है?", तो अधिकतर लोग इसे सिर्फ एक औपचारिकता मानते हैं। ऐसे में वे सैलरी, छुट्टियों, प्रमोशन या ऑफिस की सुविधाओं से जुड़े सामान्य सवाल पूछकर इंटरव्यू खत्म कर देते हैं। हालांकि, करियर विशेषज्ञों का मानना है कि इंटरव्यू का यह आखिरी हिस्सा आपकी सोच, काम के प्रति नजरिया और प्रोफेशनल एटीट्यूड दिखाने का बेहतरीन मौका होता है।
सही सवाल न केवल इंटरव्यूअर पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है, बल्कि ये भी दिखाता है कि आप केवल नौकरी पाने के लिए नहीं, बल्कि कंपनी की जरूरतों और अपनी भूमिका को समझने में भी रुचि रखते हैं। कई बार एक अच्छा सवाल आपकी छवि को अन्य उम्मीदवारों से अलग बना सकता है और चयन की संभावनाएं भी बढ़ा सकता है।
10 साल का भर्ती का अनुभव
फराह शारगी ने पिछले एक दशक में Google, Uber और The New York Times जैसी बड़ी कंपनियों में भर्ती की है। उनका कहना है कि इंटरव्यू के अंतिम मिनटों में उम्मीदवारों के सवाल ये बताते हैं कि वो सिर्फ नौकरी चाहते हैं या वास्तव में कंपनी की जरूरत को भी समझना चाहते हैं। उनके मुताबिक, इंटरव्यू के अंत तक रिक्रूटर उम्मीदवार की तकनीकी क्षमता का काफी हद तक आकलन कर चुका होता है। इसके बाद वह उम्मीदवार की सोच और काम करने के नजरिए को समझना चाहता है।
वह एक सवाल जो बना सकता है आपको सबसे अलग
फराह शारगी के अनुसार, सबसे प्रभावशाली सवाल यह है:
"इस समय सबसे बड़ी समस्या क्या है, जिसे हल करने के लिए आप इस पद पर किसी को नियुक्त करना चाहते हैं?" उनका कहना है कि कंपनियां सिर्फ पद भरने के लिए भर्ती नहीं करतीं। हर नई भर्ती के पीछे कोई न कोई समस्या होती है, जिसे कंपनी हल करना चाहती है। जो उम्मीदवार इस नजरिए से सवाल पूछता है, वह दिखाता है कि वो पहले से ही खुद को उस भूमिका में सोच रहा है।
क्यों पसंद आता है यह सवाल?
शारगी के मुताबिक, जब उम्मीदवार इस तरह का सवाल ईमानदारी से पूछता है, तो वह भीड़ से अलग नजर आता है। इससे रिक्रूटर को लगता है कि यह व्यक्ति सिर्फ नौकरी पाने के लिए नहीं, बल्कि कंपनी की समस्या सुलझाने के लिए भी तैयार है।
ये 3 सवाल भी छोड़ते हैं अच्छा प्रभाव
फराह शारगी ने इंटरव्यू के दौरान पूछे जाने वाले तीन और उपयोगी सवाल बताए हैं:
एक साल बाद आपको कैसे लगेगा कि इस पद के लिए सही व्यक्ति चुना गया?
आपकी टीम में ऐसा कौन-सा कर्मचारी है, जिसकी तरह आप एक और व्यक्ति चाहते हैं?
इस नौकरी का कौन-सा हिस्सा है, जिसे लोग अक्सर कम आंकते हैं?
इन सवालों से क्या फायदा होगा?
इन सवालों के जरिए उम्मीदवार यह समझ सकता है कि:
कंपनी सफलता को कैसे मापती है।
टीम में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले लोगों की क्या खासियत होती है।
इस भूमिका में सबसे बड़ी चुनौतियां क्या हैं।
इंटरव्यू को सिर्फ परीक्षा नहीं, सीखने का मौका समझें
फराह शारगी का कहना है कि इंटरव्यू केवल खुद को साबित करने का मंच नहीं है। इसे कंपनी की जरूरतों और उस समस्या को समझने का अवसर भी मानना चाहिए, जिसे हल करने के लिए आपको नियुक्त किया जा सकता है। यही सोच उम्मीदवार को दूसरों से अलग और अधिक प्रभावशाली बनाती है।