हिंदू रीति-रिवाजों से होने वाली शादी में सिंदूर कितना महत्वपूर्ण है, ये हम सभी जानते हैं। सोचिए शादी में अगर दूल्हा सिंदूर लाना ही भूल जाए तो क्या होगा ? ये घटना किसी और दौर में हुई होती, तो जरूर हंगामा मच गया होता। लेकिन आज के क्विक कॉमर्स कंपनियों के युग में कोई भी छोटी से छोटी या बड़ी से बड़ी चीज हो, उसके लिए आपको बस 15 मिनट ही इंतजार करना है। इसलिए शादी जैसे बेहद संवेदनशील मौके पर दूल्हे का सिंदूर लाना भूल जाने पर कोई बखेड़ा नहीं हुआ। गलती का एहसास होते ही दूल्हे राजा फटाफट ब्लिंकिट महाराज की शरण में पहुंचे और सिंदूर ऑर्डर कर दिया। उतनी देर के लिए शादी की रस्मों को रोकना पड़ा। लेकिन ब्लिंकिट ने सही मायनों में संकटमोचन बन कर शादी के बंधन में बंधने जा रहे जोड़े की बात को संभाल लिया। ऑर्डर के कुछ ही मिनटों के भीतर सिंदूर डिलीवर कराकर समय से सिंदूर कराने में ब्लिंकिट का बहुत अहम रोल रहा।
इस शादी का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया में पोस्ट किया गया है, जो अब वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर इस वीडियो में यह पल कैद हो गया है। वीडियो की शुरुआत एक "डिस्क्लेमर" से होती है जिसमें बताया गया है कि यह कोई बनावटी कंटेंट नहीं है, बल्कि शादी के दिन हुई एक असली गड़बड़ी थी। इसके बाद वीडियो में दिखया गया है कि शादी की रस्म चल रही होती है, तभी पता चलता है कि सिंदूर, जो रस्म के अगले हिस्से के लिए ज़रूरी था, गायब है। रस्म कुछ देर के लिए रुक जाती है, क्योंकि परिवार के सदस्य स्थिति को संभालने के लिए जल्दी से क्विक-कॉमर्स कंपनी ब्लिंकिट ऐप का इस्तेमाल करते हैं।
जैसे-जैसे वीडियो आगे बढ़ता है, परिवार के सदस्य एक अर्जेंट ऑर्डर करते हुए दिखते हैं, जबकि दूल्हा-दुल्हन इंतजार करते हैं। डिलीवरी कुछ ही मिनटों में आ जाती है, जिसके बाद रस्म फिर से शुरू होती है और दूल्हा रिश्तेदारों और दोस्तों की तालियों के बीच सिंदूर की रस्म पूरी करता है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, ‘सारी भागदौड़ के बीच, पूजा और हृषी को एहसास हुआ कि एक छोटी लेकिन बहुत जरूरी चीज गायब है। फिर अजीब सी मुस्कान, घबराहट भरी हंसी, और फिर... ब्लिंकिट बचाव के लिए आया! क्योंकि जब रस्में इंतजार नहीं कर सकतीं और शादी की घड़ी चल रही हो, तो क्विक डिलीवरी ही काम आती है। यह इस बात का सबूत है कि आज की प्रेम कहानियों में सिर्फ रोमांस ही नहीं होता - उनमें सेम-डे डिलीवरी भी होती है।’
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें कई यूजर्स इसे शादी की आखिरी मिनट की गड़बड़ियों का एक आम उदाहरण बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "मेरे देवर की शादी में गुजरात में भी ऐसा ही हुआ था और Blinkit वाले ने इसे डिलीवर किया था।" दूसरे ने शेयर किया, "मेरे साले के बेटे की शादी में भी ऐसा ही हुआ था।" कई यूजर्स ने ब्लिंकिट की तारीफ भी की, जबकि कुछ ने इस स्थिति पर मजाक किया। एक यूजर ने लिखा, "@letsblinkit साइलेंट सुपरहीरो।" एक यूजर ने मजाक में कहा, "Blinkit ने बना दी जोड़ी।"