सोशल मीडिया पर कुछ दिनों पहले वियतनाम में भारतीय पर्यटकों का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में कुछ लोग पार्क किए गए फ्लाइट के पास गरबा करते नजर आए थे। वीडियो के वायरल होने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के पालन करने को लेकर बहस शुरू हो गई। इसी बीच अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गुजरात के कुछ पर्यटक सड़क के बीचों-बीच गरबा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
इस वीडियो में गुजरात के कुछ पर्यटक सड़क के बीचों-बीच गरबा करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि वहां टूरिस्ट बसों की लंबी कतार लगी हुई है। सोशल मीडिया पर किए गए दावों के मुताबिक, ये घटना उस जगह के पास हुई जहां भूस्खलन के कारण हादसा हुआ था। वीडियो शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, "वे बेसिक तहजीब भी नहीं समझ सकते, शोर और अफरा-तफरी मचाने से एक और लैंडस्लाइड हो सकता है जिसमें कई और जानें जा सकती हैं। पैसे से क्लास और कॉमन सेंस नहीं खरीदी जा सकती।" इस वीडियो पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
वीडियो पर रिएक्शन देते हुए एक एक्स यूजर ने लिखा, "आखिर गुजराती लोग गरबा को लेकर इतने जुनूनी क्यों हैं? वे हर जगह और हर समय इसे करने के लिए तैयार कैसे रहते हैं?" वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, "ऐसा लगता है जैसे कुछ लोग अपनी मस्ती दूसरों पर थोपना चाहते हैं। चाहे वे कोई भी हों, सार्वजनिक जगहों पर इस तरह का व्यवहार सही नहीं है। ऐसे पर्यटकों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जरूरत पड़े तो भारी जुर्माना भी लगाया जाना चाहिए।"
वियतनाम एयरपोर्ट का हुआ था वायरल
वियतनाम के एक एयरपोर्ट पर कुछ भारतीय पर्यटकों के गरबा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस वीडियो को लेकर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे भारतीय संस्कृति का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि एयरपोर्ट जैसी जगहों पर नियमों और आसपास के माहौल का ध्यान रखना जरूरी होता है। इसलिए इस घटना पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिली।