गुरुग्राम की एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले 22 वर्षीय कर्मचारी ने Reddit पर अपनी एक उलझन साझा की। उसका दावा है कि उसकी 34 वर्षीय टीम लीड पिछले कुछ समय से उसके साथ सामान्य से अलग व्यवहार कर रही हैं। कुछ निजी टिप्पणियों से लेकर ऑफिस के बाहर मिले एक खास निमंत्रण तक, कई घटनाओं ने उसे सोचने पर मजबूर कर दिया कि कहीं वह इन संकेतों का गलत मतलब तो नहीं निकाल रहा।
क्लब आउटिंग से शुरू हुई कहानी
कर्मचारी के मुताबिक, कुछ महीने पहले टीम के साथ एक क्लब में आउटिंग हुई थी। वहां डांस के दौरान उसकी टीम लीड कथित तौर पर बार-बार उसके काफी करीब आती रहीं। इसी दौरान उन्होंने उसकी उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि वह कम उम्र का होने के बावजूद काफी अच्छा डांस करता है।उस समय कर्मचारी ने इसे सामान्य बातचीत मानकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन बाद की एक घटना ने उसकी सोच बदल दी।
क्लाइंट मीटिंग से पहले हुआ दूसरा वाकया
कर्मचारी ने Reddit पोस्ट में दावा किया कि एक क्लाइंट मीटिंग से पहले उसकी टीम लीड ने उसका शर्ट पकड़कर उसे थोड़ा अपनी ओर खींचा और कॉलर ठीक किया। इसके बाद उन्होंने उसके लुक को लेकर एक निजी टिप्पणी भी की। उसके अनुसार, यह बातचीत सामान्य प्रोफेशनल इंटरैक्शन से अलग लगी और यहीं से उसे टीम लीड के व्यवहार को लेकर संदेह होने लगा।
फिर आया फ्लैट पर पार्टी का न्योता
मामला तब और उलझ गया जब टीम लीड ने उसे वीकेंड पर अपने फ्लैट में होने वाली एक छोटी पार्टी में आने के लिए बुलाया। कर्मचारी ने अपने कुछ साथियों से बात की तो उसे पता चला कि उन्हें ऐसा कोई निमंत्रण नहीं मिला था। यही बात उसके लिए सबसे ज्यादा कन्फ्यूजिंग रही। उसे समझ नहीं आया कि यह सिर्फ एक निजी दोस्ताना निमंत्रण था या इसके पीछे कोई और वजह हो सकती है।
Reddit पर लोगों ने दी अलग-अलग सलाह
पोस्ट सामने आने के बाद Reddit यूजर्स ने अपने-अपने नजरिए से सलाह दी। कई लोगों ने कहा कि चूंकि महिला उसकी टीम लीड हैं, इसलिए दोनों के बीच सीनियर-जूनियर पावर डायनेमिक्स को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। कुछ यूजर्स ने उसे रिश्ते या किसी निजी स्थिति में जल्दबाजी न करने और प्रोफेशनल सीमाएं बनाए रखने की सलाह दी। वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में इसे प्रमोशन से जोड़ दिया।
कुछ लोगों ने शिकायत की बात भी कही
कुछ Reddit यूजर्स ने कथित व्यवहार को लेकर HR या कंपनी की संबंधित शिकायत व्यवस्था का इस्तेमाल करने की सलाह दी। हालांकि, पूरी स्थिति कर्मचारी के बताए घटनाक्रम और Reddit पर हुई चर्चा पर आधारित है। ऐसे मामलों में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले संदर्भ, दोनों पक्षों की बात और कंपनी की नीतियों को देखना जरूरी होता है।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)