स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान 2026 के जरिए देशभर के लोग अपने घर पर तिरंगा फहराकर आजादी के जश्न में शामिल हो सकते हैं। इस अभियान के तहत लोग तिरंगा फहराने के बाद अपनी फोटो या सेल्फी ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं और प्रक्रिया पूरी होने पर डिजिटल सर्टिफिकेट भी हासिल कर सकते हैं। इस साल यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलेगा। खास बात यह है कि इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने का अवसर भी जुड़ा है।
ऐसे में देशभर में तिरंगे के साथ राष्ट्रीय गीत को लेकर भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अगर आप भी इस अभियान का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो घर पर तिरंगा फहराने से लेकर सेल्फी अपलोड करने और सर्टिफिकेट डाउनलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है। इसके लिए किसी सरकारी कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी।
Har Ghar Tiranga 2026 में कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
इस अभियान में शामिल होने के लिए किसी सरकारी दफ्तर जाने की जरूरत नहीं है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जा सकती है। आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मांगी गई जानकारी, जैसे नाम और मोबाइल नंबर, भरना होगा। इसके बाद तिरंगा फहराते हुए अपनी फोटो अपलोड करनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सर्टिफिकेट जनरेट किया जा सकता है। शुरुआत करने से पहले अपने फोन में फोटो तैयार रखना बेहतर रहेगा।
घर पर तिरंगा फहराते समय रखें ध्यान
बालकनी, छत या घर के बाहर तिरंगा लगाने से पहले यह जरूर ध्यान रखें कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बना रहे। तिरंगा जमीन को नहीं छूना चाहिए और झंडा साफ-सुथरी और अच्छी स्थिति में होना चाहिए। झंडे को फहराने के कुछ नियम भी हैं, इसलिए अगर किसी बात को लेकर भ्रम हो तो Flag Code of India के नियम देख सकते हैं।
Tiranga Selfie कैसे अपलोड करें?
तिरंगा फहराने के बाद अपनी फोटो लेकर Har Ghar Tiranga पोर्टल पर जाएं। वहां दिए गए selfie upload विकल्प के जरिए फोटो अपलोड की जा सकती है। इसके लिए जरूरी जानकारी भरकर फोन या कंप्यूटर से फोटो चुनें और उसे अपलोड कर दें। ध्यान रखें कि फोटो अपलोड करने के तुरंत बाद वह वेबसाइट पर दिखाई दे, यह जरूरी नहीं है। फोटो मॉडरेशन में जा सकती है या रिजेक्ट भी हो सकती है, इसलिए स्टेटस अपडेट होने में थोड़ा समय लग सकता है।
Har Ghar Tiranga Certificate कैसे मिलेगा?
फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोर्टल पर Generate Certificate का विकल्प मिलेगा। सर्टिफिकेट उपलब्ध होने पर उसे डाउनलोड करके फोन या कंप्यूटर में सेव किया जा सकता है। अगर सर्टिफिकेट तुरंत नहीं दिख रहा है, तो सबसे पहले अपनी सेल्फी का स्टेटस चेक करें। हो सकता है कि फोटो अभी मॉडरेशन में हो।
सर्टिफिकेट के लिए किसी को पैसे न दें
Har Ghar Tiranga का सर्टिफिकेट पाने के लिए किसी व्यक्ति या अनजान वेबसाइट को पैसे देने की जरूरत नहीं है। अपनी जानकारी किसी अनऑफिशियल वेबसाइट या ऐसे व्यक्ति के साथ शेयर करने से बचें, जो पैसे लेकर रजिस्ट्रेशन या सर्टिफिकेट दिलाने का दावा करे। प्रक्रिया के लिए आधिकारिक Har Ghar Tiranga पोर्टल का ही इस्तेमाल करें।
2026 के अभियान की एक खास बात यह है कि इसी दौरान वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का जश्न भी मनाया जा रहा है। इस मौके पर लोगों को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् सीखने और गाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार ने इसके लिए सालभर चलने वाले कार्यक्रमों की योजना बनाई है।
Har Ghar Tiranga 2026 अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। यानी जिन लोगों ने अभी तक हिस्सा नहीं लिया है, उनके पास तिरंगा फहराने और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने का समय है। घर पर तिरंगा फहराएं, नियमों का ध्यान रखें, चाहें तो सेल्फी अपलोड करें और प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपना सर्टिफिकेट डाउनलोड करें। सबसे जरूरी बात यही है कि राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराया और संभाला जाए।