'गलती हुई, जो कहा था वो पूरी तरह... '₹370 बिरयानी विवाद पर हिमांशु जांगड़ा ने किया ये खुलासा

हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में उनके परिवार को इस बारे में कुछ पता नहीं था, लेकिन जब वीडियो रिश्तेदारों और आसपास के लोगों तक पहुंचा, तब परिवार को भी इसकी जानकारी मिली

अपडेटेड Jun 14, 2026 पर 4:43 PM
हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि जब उनका वीडियो वायरल हुआ तो इसकी चर्चा रिश्तेदारों और पड़ोसियों तक भी पहुंच गई

सोशल मीडिया पर अभी भी 370 रुपये की बिरयानी से जुड़ा विवाद चर्चा में बना हुआ है। कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में दिए गए हिमांशु जांगड़ा के एक बयान ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है। वहीं अब इस मामले के बाद हिमांशु जांगड़ा ने पहली बार इस विवाद पर खुलकर बात की है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो स्टारविक डिजाइन ने शेयर किया है। वीडियो में हिमांशु ने पूरे विवाद पर अपनी बात रखी और बताया कि इस घटना के बाद उनके पर्सनल और पेशेवर जिंदगी पर क्या असर पड़ा।

इस वीडियो की शुरुआत में बताया गया कि इस बातचीत का उद्देश्य पूरे मामले को बेहतर तरीके से समझना और हिमांशु जांगड़ा को अपनी बात रखने का मौका देना है। वीडियो बनाने वालों ने साफ कहा कि वे किसी के बयान या काम का समर्थन नहीं कर रहे हैं।

परिवार को कैसे पता चला


वीडियो में 22 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में उनके परिवार को इस बारे में कुछ पता नहीं था, लेकिन जब वीडियो रिश्तेदारों और आसपास के लोगों तक पहुंचा, तब परिवार को भी इसकी जानकारी मिली। जांगड़ा ने कहा, "एक हफ़्ते तक किसी को नहीं पता था, घर पर भी नहीं और मेरे होमटाउन में भी नहीं। उसके बाद पिछले हफ़्ते मेरे चाचा को इसके बारे में पता चला। उनका फोन आया और उन्होंने पूछा, ये क्या हो रहा है, मेरे पास ऐसी-ऐसी वीडियो क्यों आ रही हैं?"

पड़ोसियों ने बताया

हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि जब उनका वीडियो वायरल हुआ तो इसकी चर्चा रिश्तेदारों और पड़ोसियों तक भी पहुंच गई। इसके बाद परिवार ने उन्हें घर बुलाकर पूरे मामले के बारे में बात की। उन्होंने आगे कहा, "जब चाचा ने मुझसे इस बारे में पूछा तो मैंने उन्हें पूरी बात समझाई। मैंने उनसे कहा था कि यह मामला कुछ दिनों में शांत हो जाएगा और किसी को इसके बारे में बताने की जरूरत नहीं है। लेकिन मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि अगले दो दिनों में मुझे इतनी ज्यादा ट्रोलिंग और नफरत का सामना करना पड़ेगा। यह वीडियो रिश्तेदारों और आसपास के लोगों तक पहुंच गई। पड़ोसी भी घर जाकर मेरे परिवार को बताने लगे कि आपका लड़का ऐसी-ऐसी बातें कर रहा है।"

नौकरी ने निकाल दिया गया

हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि विवाद के बाद उनकी नौकरी चली गई और उन्हें कानूनी नोटिस भी मिला। उन्होंने कहा कि ये उनकी जिंदगी का बहुत मुश्किल समय था और सबसे ज्यादा दुख उन्हें इस बात का है कि उनके परिवार को भी काफी परेशानी और तनाव झेलना पड़ा। उन्होंने कहा, "जब घर वालों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने मुझे घर बुलाया और पूछा कि आखिर क्या हो रहा है। तब मैंने भी उनसे कहा कि मुझसे गलती हो गई है। लेकिन बात तब और ज्यादा गंभीर हो गई, जब उन्हें पता चला कि मुझे नौकरी से निकाल दिया गया है। इसके बाद वे और ज्यादा परेशान और तनाव में आ गए।"

 

पहली बार गया था शो में

उन्होंने बताया कि वह इस शो में कैसे पहुंचे। जांगड़ा ने कहा, "मैंने इस शो के एपिसोड पहले भी देखे थे। ये पहली बार गुरुग्राम में आयोजित किया गया था, जबकि ज्यादातर शो मुंबई में होते हैं। मैंने सोचा कि इस बार जाकर देखते हैं और इसमें शामिल होते हैं। यह मेरा पहला कॉमेडी शो था, इसलिए मैं इसे देखने गया था।" हिमांशु जांगड़ा ने स्वीकार किया कि उनसे गलत शब्दों का इस्तेमाल हुआ था और इसके लिए उन्होंने माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका मकसद कभी किसी गलत सोच या नुकसान पहुंचाने वाली बात को बढ़ावा देना नहीं था।

जांगड़ा के अनुसार, कार्यक्रम का माहौल ऐसा था कि लोग कई बातों को सिर्फ एंटरटेनमेंट के रूप में ले रहे थे। उन्होंने बताया कि उस समय दर्शकों और शो के होस्ट की रिएक्शन से उनका आत्मविश्वास बढ़ गया था, लेकिन अब उन्हें एहसास है कि उनसे गलती हुई और उन्हें इस बात का पछतावा है। हिमांशु जांगड़ा ने माना कि शुरुआत में उन्होंने इस पूरे मामले से मिली चर्चा को एक अवसर की तरह देखा था, लेकिन अब उन्हें लगता है कि ये उनकी गलती थी। उन्होंने कहा कि उन्हें शुरू से ही अपनी जिम्मेदारी स्वीकार कर लेनी चाहिए थी, बजाय इसके कि लोगों की रिएक्शन बढ़ने का इंतजार करते।

कहानी को ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया

जब उनसे उस महिला के बारे में पूछा गया, जिसका जिक्र उन्होंने अपनी कहानी में किया था, तो जांगड़ा ने कहा कि अब उनका उससे कोई संपर्क नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने कभी किसी की पहचान या निजी जानकारी शेयर नहीं की। जांगड़ा के मुताबिक, स्टेज पर सुनाई गई कहानी को जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। इंटरव्यू के अंत में उन्होंने एक बार फिर माफी मांगी और कहा कि इस घटना से उन्हें बड़ा सबक मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में वह ऐसा कोई कंटेंट नहीं बनाएंगे, जिससे समाज में गलत संदेश जाए और आगे अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने क्या कहा

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन की बाढ़ आ गई और यूजर्स ने इस मामले पर अलग-अलग राय रखी। एक यूजर ने कहा, “क्या इसे एंटरटेनमेंट कहा जा सकता है????” एक व्यक्ति ने लिखा, “यह असली माफी नहीं है। उसे सिर्फ इस बात का अफसोस है कि वह उस शो में गया था। इससे उसकी सोच नहीं बदल जाती।” एक अन्य यूजर ने कहा, “कुछ गलतियों का दूसरा मौका नहीं होना चाहिए। अगर यह वीडियो वायरल नहीं होता, तो शायद वह आज भी ऐसी बातों को मजाक समझकर हंस रहा होता।”

एक अन्य यूजर ने कहा, “मुझे उस लड़की के लिए बुरा लग रहा है। मैं सोच भी नहीं सकता कि उसने कितना मुश्किल समय झेला होगा। लेकिन उसे इस घटना से जिंदगी भर का सबक मिल गया होगा। कर्म का फल मिल ही जाता है!”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।