बाइक के फ्यूल टैंक पर लैपटॉप रखकर चला रहा था युवक, वीडियो देख लोग हुए हैरान

हैदराबाद के व्यस्त सड़क पर इस तरह बाइक चलाने का ये वीडियो देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। कई यूजर्स ने इसे बेहद जोखिम भरा बताया और कहा कि काम के कारण इस तरह की लापरवाही न सिर्फ चालक बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकती है

अपडेटेड Jun 13, 2026 पर 10:18 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वीडियो में एक व्यक्ति बाइक चलाते समय सामने फ्यूल टैंक पर खुला लैपटॉप रखे दिखाई दे रहा है

हैदराबाद का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वीडियो में एक व्यक्ति बाइक चलाते समय सामने फ्यूल टैंक पर खुला लैपटॉप रखे दिखाई दे रहा है। ये घटना माधापुर इलाके में हाइटेक्स के पास की बताई जा रही है। सड़क पर चलते हुए लैपटॉप का इस्तेमाल करते इस शख्स का वीडियो एक कार में बैठे व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया था। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की है। इस घटना ने लोगों के बीच सड़क सुरक्षा और बढ़ते वर्क प्रेशर को लेकर बहस छेड़ दी है।

व्यस्त सड़क पर इस तरह बाइक चलाने का दृश्य देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने चिंता जताई। कई यूजर्स ने इसे बेहद जोखिम भरा बताया और कहा कि काम के कारण इस तरह की लापरवाही न सिर्फ चालक बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकती है।

लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह


ये वीडियो हैदराबाद हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार तक भी पहुंच गया, जिसके बाद उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने इस घटना का जिक्र करते हुए लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। सज्जनार ने कहा कि, हर काम करने का एक सही तरीका और सही समय होता है, इसलिए किसी भी स्थिति में अपनी जान को खतरे में नहीं डालना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब एम्बिशन या काम का दबाव जरूरत से ज्यादा बढ़ जाता है, तो वह व्यक्ति के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

 

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सड़क पर कुछ पल के लिए भी ध्यान भटकना बड़े हादसे की वजह बन सकता है। इससे सिर्फ वाहन चला रहा व्यक्ति ही नहीं, बल्कि आसपास चल रहे दूसरे वाहन चालक और पैदल यात्री भी खतरे में पड़ सकते हैं। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी से व्यवहार करने की अपील की। साथ ही कहा कि काम और कमाई जरूरी हैं, लेकिन इसके लिए अपनी या दूसरों की जान को जोखिम में डालना बिल्कुल सही नहीं है।

लोगों ने किया कमेंट

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कामकाजी माहौल और कर्मचारियों पर बढ़ते दबाव को लेकर चर्चा तेज हो गई। यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या पेशेवर जिम्मेदारियां लोगों को ऐसे जोखिम भरे कदम उठाने के लिए मजबूर कर रही हैं, जो उनकी और दूसरों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। वीडियो पर रिएक्शन देते हुए एक यूजर ने लिखा, "ये कैसी लापरवाही है? इस व्यक्ति ने न सिर्फ अपनी बल्कि सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की जान भी खतरे में डाल दी।" वहीं एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "यह बेहद गैर-जिम्मेदाराना हरकत है और यह भी दिखाती है कि कई लोग काम और निजी जीवन के बीच संतुलन नहीं बना पा रहे हैं। ऐसी चीजों को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।