Viral Video: पेट दर्द की वजह से सोया था वेंडर, किसी ने चुरा ली पूरी कमाई और आइसक्रीम, फिर अजनबी ने बना दिया उसका दिन

दुकानदार ने बताया कि, पेट में अचानक तेज दर्द शुरू होने की वजह से वह कुछ देर आराम करने के लिए अपनी रेहड़ी के पास ही लेट गया था। जब आंख खुली तो देखा कि उसकी रेहड़ी से आइसक्रीम का सामान और करीब 500 रुपये नकद गायब थे। सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है

अपडेटेड Jul 30, 2026 पर 8:43 PM
दुकानदार की परेशानी देखकर पंकज गोगोई ने तुरंत उसकी मदद करने का फैसला किया

सोशल मीडिया पर आए दिन कोई ना कोई वीडियो वायरल होते रहता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। असम में एक आइसक्रीम बेचने वाले के पेट में तेज दर्द होने की वजह से वह अपनी रेहड़ी के पास कुछ देर आराम करने के लिए लेट गया। जब उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि उसकी रेहड़ी से पूरी आइसक्रीम का सामान और उसके पास रखी नकदी चोरी हो चुकी थी। इस घटना के बाद वह व्यक्ति काफी इमोशनल हो गया था। वहीं विक्रेता की कहानी सुनकर एक युवक ने न सिर्फ उसकी आर्थिक मदद की, बल्कि उसके परिवार के लिए जरूरी राशन भी खरीदकर दिया। सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है।

वायरल हो रहा वीडियो

इस घटना का वीडियो पंकज गोगोई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में वह सड़क किनारे अपनी आइसक्रीम की रेहड़ी के पास बैठे एक परेशान दुकानदार से बात करते नजर आते हैं। बातचीत के दौरान दुकानदार ने बताया कि, उसके पेट में अचानक तेज दर्द शुरू हो गया था। इसी वजह से वह कुछ देर आराम करने के लिए अपनी रेहड़ी के पास ही लेट गया था। जब दुकानदार की आंख खुली तो उसने देखा कि उसकी रेहड़ी से आइसक्रीम का सामान और करीब 500 रुपये नकद गायब थे। चोरी की बात बताते हुए वह इमोशनल हो गया। व्यक्ति को इस बात की चिंता थी कि अब वह अपने परिवार और बच्चों के लिए खाने का इंतजाम कैसे करेगा।


आइसक्रीम बेचने वाले की मदद की

दुकानदार की परेशानी देखकर पंकज गोगोई ने तुरंत उसकी मदद करने का फैसला किया। सबसे पहले उन्होंने उसके लिए खाना खरीदा, ताकि उसे तुरंत राहत मिल सके। इसके बाद वह उसे पास की किराने की दुकान पर ले गए और चावल, दूध, बिस्कुट समेत रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदकर दिया। उनके इस मददगार कदम की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है। वीडियो के आखिर में पंकज गोगोई ने इस चोरी की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मेहनत और ईमानदारी से कमाने वाले व्यक्ति को निशाना बनाना बेहद गलत है। ऐसे लोगों के साथ इंसानियत का व्यवहार होना चाहिए।

 

यूजर ने किया कमेंट

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोगों का कहना है कि मुश्किल समय में की गई छोटी-सी मदद भी किसी की जिंदगी में बड़ा बदलाव ला सकती है। एक यूजर ने लिखा,"आइसक्रीम बेचकर 500 रुपये कमाना आसान नहीं है। शायद यह उसकी पूरे दिन की कमाई रही होगी। उसकी मदद करने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।" एक और यूजर ने कमेंट किया, "भाई, तुम्हारे इस काम के लिए दिल से सम्मान। आइए, हम सब एक-दूसरे के प्रति दयालु रहें और ऐसे अच्छे काम करते रहें।"

एक अन्य यूजर ने लिखा, "कुछ लोगों को यह समझ नहीं आता कि उनके किए गए काम से किसी दूसरे की ज़िंदगी पर कितना बुरा असर पड़ सकता है। ये लोग पूरे दिन कड़ी धूप में मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालते हैं। कृपया उनकी मेहनत पर पानी मत फेरिए और इंसानियत दिखाइए।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।