15 अगस्त का दिन हर हिंदुस्तानी के लिए बेहद खास है, क्योंकि 1947 में इसी दिन भारत को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली थी। इस दिनों देश के प्रधानमंत्री लाल किले पर झंडा फहराते हैं और स्कूलों के साथ ही ऑफिसों में भी देश का राष्ट्रीय पर्व खूब धूमधाम से मनाया जाता है। इस दिन कई जगहों पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। लोग एक-दूसरे को देशभक्ति की भावना से भरे हुए संदेश भेजते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं 15 अगस्त को आजाद होने वाला भारत अकेला देश नहीं है। भारत के अलावा और भी कुछ देश हैं, जिन्हें 15 अगस्त को स्वतंत्रता मिली थी। आइए इनके बारे में जानें
दक्षिण कोरिया (15 अगस्त, 1945)
भारत की तरह दक्षिण कोरिया को भी 15 अगस्त के दिन आजादी मिली थी। लेकिन दक्षिण कोरिया को दूसरे विश्व युद्ध के अंत में जापान की हार के बाद 1945 में उससे आजादी मिली थी। 15 अगस्त, 1945 को जापान के आत्मसमर्पण के साथ कोरिया स्वतंत्र हुआ था। 1910 से 1945 तक कोरिया जापान की कॉलोनी रहा था। इस दिन को दक्षिण कोरिया में ‘ग्वांगबोकजेओल’ के रूप में मनाया जाता है।
अफ्रीकी देश कांगो को फ्रांस से 15 अगस्त, 1960 में आजादी मिली थी। यह मध्य अफ्रीकी देश 1880 से 1960 तक फ्रांस के कोलोनियल शासन के अधीन रहा। आजादी मिलने के बाद इसका नाम कांगो रिपब्लिक रखा गया। 15 अगस्त को यहां ‘कांगोलेज नेशनल डे’ मनाया जाता है।
लिकटेंस्टीन यूरोप का एक छोटा-सा देश है। ये भी 15 अगस्त को ही आजाद हुआ था। लेकिन इसे भारत से काफी पहले 1866 में स्वतंत्रता मिल गई थी। यह देश जर्मनिक संघ से अलग हुआ था। 15 अगस्त को यहां ‘राष्ट्रीय दिवस’ मनाया जाता है, जिसमें जनता राजपरिवार के साथ उत्सव मनाती है।
बहरीन को भी 15 अगस्त को ब्रिटेन से आजादी मिली थी, लेकिन इसे भारत के बाद 1971 में स्वतंत्रता मिली। इसी दिन ब्रिटेन और बहरीन के बीच एक समझौता हुआ, जिसके बाद बहरीन को स्वतंत्रता मिली।