इटली में यात्रा कर रही एक भारतीय महिला ने बताया कि समय बदलने की वजह से उनकी हाई-स्पीड ट्रेन छूट गई। इसके बाद रेलवे स्टाफ ने उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बाद की ट्रेन में यात्रा करने को कहा। महिला ने इस अनुभव की तुलना भारत में ट्रेन यात्रा से की है। वहीं सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी अपनी-अपनी राय रखी।
गरिमा के वीडियो पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आई हैं। कुछ यूजर्स उनकी बात से सहमत हैं, जबकि अन्य का कहना है कि इटली में भी ट्रेन में देरी और रुकावटें हो सकती हैं।
इटली में महिला की ट्रेन बस एक मिनट से छूटी
यह वीडियो गरिमा चौहान ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि वह नेपल्स में थीं और उन्होंने फ्लोरेंस के लिए हाई-स्पीड ट्रेन बुक की थी। उनकी ट्रेन का समय पहले सुबह 8:30 बजे तय था, लेकिन उसे बदलकर सुबह 8:20 बजे कर दिया गया था। चौहान के मुताबिक रेलवे कंपनी ने उन्हें बदलाव के बारे में ईमेल भेजा था, लेकिन वे उसे देख नहीं पाईं क्योंकि ऐप पर नया समय अपडेट नहीं हुआ था। वे पुराने समय के हिसाब से स्टेशन पहुंचीं और उनकी ट्रेन बस एक मिनट से छूट गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद वे रेलवे ऑफिस गईं, यह सोचकर कि उन्हें या तो दूसरा टिकट खरीदना होगा या बुकिंग बदलने के लिए अतिरिक्त पैसे देने होंगे। हालांकि स्टाफ ने उन्हें बताया कि बदलाव के बारे में पहले ही ईमेल भेजा जा चुका था और उन्हें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दूसरी ट्रेन में यात्रा करने की सुविधा दी। बिना किसी अतिरिक्त भुगतान के उनकी सुबह 8:30 बजे की बुकिंग को सुबह 11 बजे की ट्रेन में एडजस्ट कर दिया गया।
अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए चौहान ने इस एक्सपीरिएंस की तुलना भारत में ट्रेन यात्रा से की। उन्होंने कहा कि अब आप ही बताओ, क्या ये इंडिया में होता है? कृपया मुझे बताओ। इंडिया में भागा देते हैं...चलो। दूसरी ट्रेन में नहीं भेजते। इंडिया में ईमेल नहीं भेजते। इंडिया में ट्रेन पहले भी नहीं आती। इंडिया में लेट आती है या फिर कभी-कभी कैंसिल ही हो जाती है।
उनके कमेंट्स पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया आई। एक शख्स ने लिखा- ''आइए 10-15 दिनों के लिए भारत से बाहर निकलें और भारत की आलोचना करें।'' एक अन्य ने कमेंट कर लिखा, "दीदी आपने इटली में ट्रेन की देरी का सामना नहीं किया है। आप यह सब भूल जाएंगी।"
कुछ यूजर्स ने कहा कि भारत में टिकट बदलना भी मुश्किल हो सकता है। एक कमेंट में लिखा गया, “फ्री में क्या, पैसे लेके भी चेंज नहीं करते, मिन्नतें करनी पड़ती हैं।” एक अन्य यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “इंडिया में चार बार चिल्ला-चिल्ला के बोलते ताकि तुमसे मिस ना करो।” एक अन्य व्यक्ति ने कमेंट किया “भारत में कभी नहीं होता।”