अमेरिका में भिंडी बनी लग्जरी स्नैक! 85 ग्राम पैकेट की कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान

अमेरिका में सुपरमार्केट में एक छोटे पैकेट की कीमत करीब 600 रुपये बताई गई, जबकि इसका भाव 7,000 रुपये प्रति किलो से भी अधिक था। इस जानकारी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने हैरानी जताई और इस पर मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 7:30 PM
इसी दौरान उनकी नजर स्नैक सेक्शन में रखी भिंडी पर पड़ी

भारत में भिंडी एक ऐसी सब्जी है जो लगभग हर घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है। वहीं अगर कोई भारतीय किसी दुकान में भिंडी को एक खास या प्रीमियम स्नैक के रूप में बिकते हुए देखे, तो उसे देखकर हैरान होना आम बात है। क्योंकि भिंडी भारत में ये एक नॉर्मल और कम कीमत में मिल जाती है। हाल ही में एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर को अमेरिका में भिंडी को लेकर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देख कर वो हैरान रह गया। भारत में आम और सस्ती मानी जाने वाली भिंडी वहां काफी महंगे दामों पर बिकती नजर आई।

अमेरिका में सुपरमार्केट में एक छोटे पैकेट की कीमत करीब 600 रुपये बताई गई, जबकि इसका भाव 7,000 रुपये प्रति किलो से भी अधिक था। इस जानकारी के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने हैरानी जताई और इस पर मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो


ये दिलचस्प घटना अमेरिका के एक सुपरमार्केट में सामने आई, जहां इंस्टाग्राम क्रिएटर आशीष आहूजा खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर स्नैक सेक्शन में रखी भिंडी पर पड़ी। हैरानी की बात ये थी कि ये ताजी सब्जी नहीं, बल्कि कुरकुरी तली हुई भिंडी थी, जिसे पैक करके स्नैक के रूप में बेचा जा रहा था। वीडियो में आशीष आहूजा ने कहा, “तो दोस्तों, मैं आपको कुछ बहुत ही दिलचस्प दिखाता हूं। देखिए, ये क्या है? जिस भिंडी का इस्तेमाल हम भारत में सब्जी बनाने के लिए करते हैं, अमेरिका में वही चीज स्नैक के रूप में बिक रही है। ये पूरी तरह तली हुई है और इसमें मसाले भी डाले गए हैं। अब इसकी कीमत भी देख लीजिए। इसकी कीमत 6.50 अमेरिकी डॉलर है। भारतीय रुपये में यह करीब 600 रुपये के बराबर है। और सबसे हैरानी वाली बात यह है कि इसमें सिर्फ 85 ग्राम भिंडी है।”

7,250 रुपये की एक किलो भिंडी

इसे देखकर आशीष आहूजा हैरान रह गए। उन्होंने आगे कहा, “अगर हम 1 किलो खरीदने जाएं, तो इसकी कीमत करीब 7,250 रुपये प्रति किलो पड़ेगी। आपको एक तुलना करके बताता हूं। अमेरिका में लेज का यह बड़ा पैकेट सिर्फ 2.50 अमेरिकी डॉलर में मिल जाता है। वहीं ज्यादातर चिप्स और दूसरे स्नैक्स 2 से 4 अमेरिकी डॉलर के बीच बिकते हैं। यानी एक तरफ आपको बड़ा स्नैक पैकेट 2.50 डॉलर में मिलता है, जबकि दूसरी तरफ भिंडी का यह छोटा पैकेट 6.50 डॉलर का है। मुझे लगता है कि अमेरिका में भिंडी ज्यादा मात्रा में नहीं उगाई जाती, शायद इसी वजह से इसकी कीमत इतनी ज्यादा है। भारत में तो ऐसी कोई समस्या नहीं है।”

अमेरिका में इतनी है प्राइज

बात को आगे बढ़ाते हुए आशीष आहूजा ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, “सच-सच बताइए, 7,200 रुपये में सिर्फ भिंडी खरीदेंगे या इतने पैसों में पूरा फ्रिज भर जाएगा? हम सभी भिंडी को एक सामान्य सब्जी के रूप में खाते हुए बड़े हुए हैं। भारत में यह रोजमर्रा की सब्जियों में गिनी जाती है, लेकिन अमेरिका में इसे तलकर छोटे पैकेट में पैक किया जाता है और फिर इसे प्रीमियम स्नैक की तरह बेचा जाता है। सिर्फ 85 ग्राम भिंडी की कीमत 6.50 अमेरिकी डॉलर है। यह तो लेज के बड़े पैकेट से भी महंगी है। ऐसा लगता है जैसे इस भिंडी पर कोई अलग ही टैक्स लग रहा हो। शायद भिंडी को खुद भी नहीं पता होगा कि वह इतनी महंगी बिक सकती है।”

लोगों ने किया मजेदारा कमेंट

जल्द ही सोशल मीडिया यूजर्स भी इस चर्चा में शामिल हो गए और कमेंट सेक्शन मजेदार रिएक्शन भी दिए। एक यूज़र ने लिखा, “बहुत महंगी है।” वहीं दूसरे यूजर ने मजाक करते हुए कहा, “यहां तो यह 50 रुपये प्रति किलो मिलती है। अगर चाहो तो मैं तुम्हारे लिए पूरी बोरी ही भेज सकता हूं।” दूसरे यूजर ने कहा, “यह कीमत सुनकर तो यहाँ लोगों को बुखार आ जाएगा।”

वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, “भाई, तुलना सही नहीं है। चिप्स सबसे अनहेल्दी स्नैक्स में से एक हैं और ऐसी चीजें आमतौर पर सस्ती मिल जाती हैं। लेज़ का वही पैकेट शायद भारत में भी 100 से 150 रुपये का होगा। लेकिन 85 ग्राम भिंडी वाला यह स्नैक हेल्दी है, इसलिए इसकी कीमत ज्यादा होना स्वाभाविक है।” एक यूजर ने लिखा, “यह अमेरिकियों के लिए महंगा नहीं है, क्योंकि उनकी कमाई ज्यादा होती है और यह एक हेल्दी स्नैक भी है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।