Viral Video: अमेरिका में सिंपल पूजा कराने के लिए कितने रुपये लेते हैं पंडित जी? इस भारतीय महिला ने पूरी कमाई बताई

Viral Video: इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर सारिका यादव ने शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने अमेरिका में घरों और मंदिरों में होने वाले विभिन्न हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों के लिए ली जाने वाली सामान्य फीस के बारे में जानकारी दी

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 10:18 PM
अमेरिका में छोटे धार्मिक कार्यक्रमों के लिए भी अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ती है (Photo: Canva)

भारत में शादी, गृह प्रवेश, पूजा-पाठ या फिर किसी भी दूसरे धार्मिक कार्यक्रमों में पंडित की अहम भूमिका होती है। भारत में पंडित आसानी से मिल जाते हैं लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि विदेशों में रहने वाले भारतीय परिवारों को पूजा करवाने के लिए पंडित को कैसे बुलाते हैं और उनको कितने पैसे खर्च देने पड़ते हैं। हाल ही में अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में उसने बताया कि वहां पूजा और धार्मिक कार्यक्रम कराने के लिए पंडित कितनी फीस लेते हैं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं लोग इस पर कई तरह के रिएक्शन भी दे रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर सारिका यादव ने शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने अमेरिका में घरों और मंदिरों में होने वाले विभिन्न हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों के लिए ली जाने वाली सामान्य फीस के बारे में जानकारी दी।

एक पूजा की कितनी होती है फीस


सारिका ने अपने वीडियो में बताया कि, अमेरिका में छोटे धार्मिक कार्यक्रमों के लिए भी अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ती है। उन्होंने कहा, “यहां यूनाइटेड स्टेट्स में पंडित जी साधारण पूजा के लिए भी काफी शुल्क लेते हैं, जिसे सुनकर कई लोग हैरान हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर घर में सिर्फ परिवार के लोगों के साथ सत्यनारायण भगवान की एक नॉर्मल पूजा कराई जाती है और उसमें किसी मेहमान को नहीं बुलाया जाता, तो पंडित जी आमतौर पर 300 से 350 डॉलर तक फीस लेते हैं। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 25,000 रुपये के आसपास बैठती है।”

 

देने पड़ते हैं एक्सट्रा डॉलर

सारिका ने ये भी बताया कि पूजा की कुल लागत में मंदिर से जुड़े शुल्क और अन्य व्यवस्थाओं का खर्च भी शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा, “इसके अलावा मंदिर की ओर से करीब 100 से 150 डॉलर तक अलग शुल्क लिया जाता है। अगर आप पूजा का सारा सामान खुद लेकर आते हैं तो ठीक है, लेकिन यदि ऐसा नहीं करते, तो पंडित जी को अतिरिक्त राशि देकर सारी व्यवस्था उन्हीं से करवाई जा सकती है। ऐसे में वे पूजा के लिए जरूरी सभी सामान का इंतजाम खुद कर लेते हैं।”

पूरे साल होती है पंडित की डिमांड

सारिका ने बताया कि खास मौकों और त्योहारों के दौरान पंडितों की मांग और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा, “अगर कोई नई कार खरीदता है और उसकी पूजा करवाने के लिए मंदिर जाता है, तो उसके लिए भी अलग से अच्छा शुल्क देना पड़ता है। इसी तरह गृह प्रवेश, धनतेरस और सावन जैसे अवसरों पर बड़ी संख्या में लोग पूजा-पाठ कराते हैं, इसलिए इन दिनों पंडित जी की मांग काफी बढ़ जाती है।” उन्होंने आगे कहा, “अमेरिका में भारतीय समुदाय की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ की जरूरत भी बढ़ती जा रही है। इसी वजह से वहां पंडितों की मांग लगभग पूरे साल बनी रहती है और उन्हें नियमित रूप से काम मिलता रहता है।”

ट्रैनिंग जरूरी होता है

सारिका ने अपने वीडियो में ये भी बताया कि हिंदू पुजारी अमेरिका में किस तरह काम करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा, “आमतौर पर पंडित जी R1 वीजा के जरिए अमेरिका पहुंचते हैं। इसके लिए उन्हें धार्मिक शिक्षा और उचित ट्रैनिंग प्राप्त होना जरूरी होता है। साथ ही कुछ निर्धारित योग्यताओं और प्रक्रियाओं को पूरा करना पड़ता है। आवश्यक शर्तें पूरी करने और संबंधित परीक्षणों से गुजरने के बाद उन्हें R1 वीजा मिलता है, जिसके जरिए वे अमेरिका में धार्मिक सेवाएं देने के लिए आ सकते हैं।” सारिका ने बताया कि अमेरिका में धार्मिक सेवाएं देने के लिए पुजारियों को प्रशिक्षण, जरूरी डाक्युमेंट्स और कई औपचारिक प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है।

लोगों ने किया मजेदार कमेंट

सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस पर लोग की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। एक यूजर ने लिखा, “यह बिल्कुल सही फीस है, इसमें कुछ भी ज्यादा नहीं है। अगर पंडित जी पढ़े-लिखे और योग्य हैं, तो वे इस शुल्क के हकदार हैं।” वहीं एक अन्य यूजर ने मजाक करते हुए कहा, “लगता है अब मुझे इंजीनियरिंग छोड़कर यही काम शुरू करना पड़ेगा।” एक और व्यक्ति ने हंसते हुए लिखा, “मैं भी जल्द ही पंडित बनने की तैयारी कर रहा हूं।” एक यूजर ने टिप्पणी की, “अमेरिका के हिसाब से यह शुल्क काफी कम लगता है।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।