अमेरिका में कैसा होता है 6 करोड़ का मिडिल क्लास घर? भारतीय महिला के हाउस टूर ने इंटरनेट पर मचाई धूम

वीडियो में उन्होंने दिखाया कि अमेरिका में 5-6 करोड़ रुपये की कीमत वाला एक मिडिल क्लास परिवार का घर कैसा होता है वीडियो में महिला ने अपने घर का बाहरी हिस्सा, सामने का लॉन, गैरेज और बड़ा बैकयार्ड दिखाया। उन्होंने बताया कि घरों के बीच अच्छी दूरी होने से प्राइवेसी मिलती है

अपडेटेड Jul 08, 2026 पर 9:57 PM
उन्होंने बताया कि यहां उनके बच्चों के खेलने और बाहर समय बिताने के लिए भरपूर जगह है

अमेरिका में रहने वाली एक भारतीय महिला का हाउस टूर वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने दिखाया कि अमेरिका में 5-6 करोड़ रुपये की कीमत वाला एक मिडिल क्लास परिवार का घर कैसा होता है। वीडियो में दिखाए गए बड़े घर और खुली जगह को देखकर कई लोग हैरान रह गए। इसके बाद लोगों ने अमेरिका और भारत के महंगे रियल एस्टेट से तुलना शुरू कर दी, जिस पर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

साल 2023 में खरीदा था ये घर

इंस्टाग्राम वीडियो में सोनल चौधरी ने कहा, "आज मैं आपको दिखाऊंगी कि अमेरिका में एक मिडिल क्लास परिवार का घर कैसा दिखता है।" उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ छह साल पहले अमेरिका चली गई थीं और साल 2023 में उन्होंने 4,40,000 डॉलर में ये घर खरीदा था। सोनल के अनुसार, अब इस घर की कीमत करीब 5 से 6 करोड़ रुपये है और ये एक एकड़ से ज्यादा जमीन पर बना हुआ है।


लोगों को मिलती हैं अच्छी प्राइवेसी

वीडियो में घर के टूर की शुरुआत बाहर से की गई, जहां सोनल ने सबसे पहले सामने का लॉन, गैरेज और आसपास का इलाका दिखाया। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में घर एक-दूसरे से काफी दूरी पर बने हैं, जिससे लोगों को अच्छी प्राइवेसी मिलती है। भारत के भीड़भाड़ वाले शहरों में रहने वाले कई लोगों के लिए ये खुला और शांत माहौल काफी अलग और आकर्षक लगा। सोनल ने अपने घर का पिछला हिस्सा भी दिखाया, जो काफी बड़ा और खुला है। उन्होंने बताया कि यहां उनके बच्चों के खेलने और बाहर समय बिताने के लिए भरपूर जगह है।

वीडियो में उन्होंने घर का डेक एरिया, धूप वाला कमरा जिसे उन्होंने होम जिम और बैठने की जगह बना रखा है, बच्चों का झूला और सर्दियों में इस्तेमाल होने वाली फायरप्लेस भी दिखाई।

अमेरिका में ज्यादातर घर लकड़ी से बने होते है

प्रॉपर्टी के बारे में जानकारी देते हुए सोनल ने पोस्ट में लिखा, "अमेरिका में एक मिडिल क्लास परिवार का घर कुछ ऐसा दिखता है।" उन्होंने बताया, "हमने यह घर साल 2023 में 4,40,000 डॉलर में खरीदा था। एक बात जो लोगों को सबसे ज्यादा हैरान करती है, वह यह है कि यहां ज्यादातर घर कंक्रीट नहीं, बल्कि लकड़ी से बने होते हैं। अमेरिका में बड़ी संख्या में लोग शहरों के बाहर बने रिहायशी इलाकों (सबर्ब्स) में रहते हैं।"

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस वीडियो का मकसद अमेरिका में एक आम परिवार की जिंदगी दिखाना था, लेकिन देखते ही देखते यह घरों की कीमतों पर बहस का विषय बन गया। कई लोग यह देखकर हैरान रह गए कि 5 से 6 करोड़ रुपये में इतना बड़ा घर और खुली जगह मिल सकती है। वहीं, कई यूजर्स ने इसकी तुलना भारत के बड़े शहरों से की, जहां इतनी ही रकम में अक्सर काफी छोटा घर या फ्लैट मिलता है।

लोगों ने किया कमेंट

वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट किया, "क्या इसे अमेरिका में मिडिल क्लास का घर माना जाता है?" वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, "भारत में आज 5-6 करोड़ रुपये में सिर्फ एक 4BHK फ्लोर ही मिलता है।" एक अन्य व्यक्ति ने मुंबई के महंगे रियल एस्टेट का जिक्र करते हुए कहा, "मुंबई के जुहू और बांद्रा जैसे इलाकों में इतनी रकम में सिर्फ़ 2BHK फ्लैट ही मिल पाएगा।" वहीं, एक और यूजर ने लिखा, "तकनीकी रूप से देखा जाए तो भारत में प्रॉपर्टी की कीमतें अमेरिका से भी ज्यादा हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।