सिर्फ 13000 रुपये का ड्रॉ खेल दुबई में मुफ्त में अपार्टमेंट जीत गई ये भारतीय महिला! पहले तो इन्हें भी लगा स्कैम है पर ये तो सच निकला

केरल की 27 साल की एक महिला की किस्मत दुबई में अचानक बदल गई। वह एक खास स्कीम के तहत घर जीतने वाली पहली महिला बनी हैं। महज 500 दिरहम की खरीदारी के बाद ड्रॉ में हिस्सा लेने वाली आयशा को जब घर जीतने की खबर मिली तो पहले उन्हें इस पर यकीन ही नहीं हुआ

अपडेटेड Jun 24, 2026 पर 11:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमीर ने बताया कि उन्होंने खरीदारी के दौरान प्रमोशनल मटीरियल देखने के बाद इस ड्रॉ में हिस्सा लेने का फैसला किया (Photo: Canva)

दुबई में शुरू हुए एक खास योजना ने एक भारतीय महिला की किस्मत बदल दी। केरल की रहने वाली 27 वर्षीय आयशा अमीर इस योजना के तहत अपार्टमेंट जीतने वाली पहली विजेता बनी हैं। महज 500 दिरहम की खरीदारी के बाद ड्रॉ में हिस्सा लेने वाली आयशा को जब घर जीतने की खबर मिली तो पहले उन्हें इस पर यकीन ही नहीं हुआ। ये अभियान दुबई मेंखरीदारी करने वाले लोगों को आकर्षक इनाम देने के लिए शुरू किया गया है, जिसमें प्रतिभागियों को घर जीतने का मौका मिलता है। घर जीतने के बाद उनकी कहानी लोगों के बीच काफी चर्चा में है।

प्राइज ड्रॉ में कैसे ले सकते हैं हिस्सा

खलीज टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई में रहने वाली भारतीय प्रवासी आयशा अमीर को लग्जरी रियल एस्टेट कंपनी बिंगहट्टी का बनाया हुआ एक स्टूडियो अपार्टमेंट मिला है। ये हाउसिंग गिवअवे दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल एस्टैब्लिशमेंट (DFRE) द्वारा दुबई चैंबर्स के साथ पार्टनरशिप में ऑर्गनाइज किए गए एक बड़े प्रमोशनल प्रोग्राम का हिस्सा है। इस इनिशिएटिव के तहत ग्राहक भाग लेने वाले स्टोर्स पर कम से कम 500 दिरहम (करीब 13,000 रुपये) की खरीदारी करके प्राइज ड्रॉ में हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए खरीदारों को निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन करना होता है और फिर कैंपेन प्लेटफॉर्म पर अपनी खरीदारी की रसीद अपलोड करनी होती है। इसके बाद वे ड्रॉ के लिए पात्र हो जाते हैं।


पहले लगा कोई स्कैम है

अमीर ने बताया कि उन्होंने खरीदारी के दौरान प्रमोशनल मटीरियल देखने के बाद इस ड्रॉ में हिस्सा लेने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले उनके पति का ध्यान इस योजना की ओर गया था। उनके पति ने एक शॉपिंग सेंटर के अंदर और सोशल मीडिया पर इसके ऐड देखे थे, जिसके बाद दोनों ने इसमें भाग लेने का निर्णय लिया। खलीज टाइम्स से बातचीत में उन्होंने उस पल को याद किया जब आयोजकों ने उन्हें उनकी जीत की जानकारी दी। उन्होंने कहा, "मैंने अपनी सारी जानकारी भर दी थी और फिर शुक्रवार को मुझे एक कॉल आया, जिसमें बताया गया कि मैंने यह घर जीत लिया है।"

उन्होंने आगे कहा, "शुरुआत में मुझे लगा कि यह कोई स्कैम हो सकती है, लेकिन बाद में उन्होंने मुझे सभी जरूरी जानकारियों के साथ एक ईमेल भेजा, तब मुझे यकीन हुआ।"

घर खरीदने की बना रहे थे योजना

ये जीत अमीर और उनके पति के लिए ऐसे समय आई, जब दोनों अपने लिए घर खरीदने की योजना बना रहे थे। पिछले साल शादी करने वाले इस दंपति ने बताया कि वे अपनी प्रॉपर्टी खरीदने पर विचार कर रहे थे, लेकिन इस साल की शुरुआत में क्षेत्र की अनिश्चित परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने अपने इस फैसले को कुछ समय के लिए टाल दिया था। अपने इनाम की पुष्टि मिलने के बाद भी उन्होंने माना कि इस बात पर यकीन करना उनके लिए आसान नहीं था।

उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसी कोई चीज जीत पाऊंगी। हम अक्सर दूसरे लोगों को इनाम जीतते हुए देखते हैं और उनके लिए खुश होते हैं, लेकिन मन में यही लगता है कि ऐसा हमारे साथ कभी नहीं होगा। लेकिन जब यह सच में आपके साथ होता है, तब एहसास होता है कि किस्मत आपका साथ दे सकती है और दुबई में ऐसे मौके वास्तव में लोगों की जिंदगी बदल सकते हैं।”

कितने अपार्टमेंट दिए जाएंगे

इस कैंपेन में कुल 12 अपार्टमेंट विजेताओं को दिए जाएंगे। 30 अगस्त तक हर सप्ताह नए विजेताओं के नाम घोषित किए जाएंगे और अंत में आखिरी विजेता की भी घोषणा की जाएगी। ऑर्गनाइजर के मुताबिक, इस प्रोग्राम में रिटेल सेक्टर से काफी लोगों ने हिस्सा लिया है। DFRE में रिटेल कैलेंडर और प्रमोशन के एक्टिंग वाइस प्रेसिडेंट मोहम्मद फेरस अरायकत ने कहा कि 4,000 से ज्यादा आउटलेट्स पर काम करने वाले लगभग 1,000 ब्रांड्स इस इनिशिएटिव में शामिल हुए हैं।

बेहद आसान है हिस्सा लेना

एंट्री प्रक्रिया के बारे में बताते हुए मोहम्मद फेरस अरायकत ने कहा, “इसमें हिस्सा लेना बेहद आसान है। आपको सिर्फ 500 दिरहम की खरीदारी करनी है, क्यूआर कोड स्कैन करना है, अपनी रसीद अपलोड करनी है और इसके बाद आपका नाम ड्रॉ में शामिल हो जाता है।” उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद सिर्फ इनाम देना नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ना और समुदाय का सम्मान करना भी है। उन्होंने कहा, “दुबई हमेशा पहले से ज्यादा मजबूत होकर उभरता है और आगे भी ऐसा ही करता रहेगा। इस तरह की पहलें समुदाय की भावना को बढ़ावा देती हैं और लोगों के योगदान का जश्न मनाने का एक तरीका हैं।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।