इटली के फोर्ली शहर में 21 अगस्त को मौसम ने अचानक ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि लुइजी रिडोल्फी एयरपोर्ट का मंजर किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं लगा। करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली तूफानी हवाओं ने कुछ ही पलों में एयरपोर्ट पर खड़े हल्के विमानों को खिलौनों की तरह उछाल दिया। सामने आए वीडियो में छोटे विमान हवा के झटकों से अपनी जगह से खिसकते, हवा में उठते, पलटते और फिर जमीन पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। इस खौफनाक दृश्य ने वहां मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया।
तूफान की ताकत इतनी ज्यादा थी कि एयरपोर्ट की कुछ इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं और यात्रियों के आने वाले हिस्से की छत का एक भाग टूटकर अलग हो गया। एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट को करीब एक घंटे तक बंद रखना पड़ा। हालांकि, राहत की बात रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
चार विमानों का हुआ ऐसा हाल
तूफान की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एयरपोर्ट पर खड़े कम से कम चार छोटे विमान तेज हवाओं की चपेट में आ गए। कुछ विमान हवा में उठते दिखाई दिए तो कुछ पलटकर जमीन पर जा गिरे। कुछ ही मिनटों में एयरपोर्ट का सामान्य माहौल अफरा-तफरी में बदल गया।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए बंद करना पड़ा एयरपोर्ट
तूफान की गंभीरता को देखते हुए एयरपोर्ट को एहतियात के तौर पर करीब एक घंटे तक बंद रखना पड़ा। तेज हवाओं से एयरपोर्ट की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। यात्रियों के आने-जाने वाले हिस्से की छत का एक हिस्सा भी टूटकर अलग हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सिर्फ एयरपोर्ट नहीं, आसपास के इलाके भी हुए प्रभावित
तूफान का असर फोर्ली-चेसेना और रावेन्ना प्रांत के आसपास भी देखने को मिला। तेज हवाओं ने कई पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया, जबकि जगह-जगह नुकसान की खबरें सामने आईं। हालात सामान्य करने के लिए दमकल विभाग को 150 से ज्यादा बार सहायता के लिए पहुंचना पड़ा।
हजारों बार गिरी बिजली, कई इलाकों में बाढ़
फोर्ली की घटना इटली में जारी खराब मौसम के बड़े दौर का हिस्सा थी। लिगुरिया, टस्कनी, लोम्बार्डी और एमिलिया-रोमाग्ना समेत कई इलाकों में तूफान और भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं।टस्कनी में तूफान के दौरान 23 हजार से ज्यादा बार बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। पीसा के तट पर हवा की गति 106 किलोमीटर प्रति घंटा और फ्लोरेंस प्रांत में 103 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी, वहीं पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से भी लोगों को परेशानी हुई।
आखिर इतने आसानी से क्यों उड़ गए छोटे विमान?
एयरपोर्ट का वीडियो इसलिए हैरान करने वाला है क्योंकि विमान उड़ान भरते समय ही नहीं, बल्कि जमीन पर खड़े होने के दौरान भी तेज हवाओं के सामने असुरक्षित हो सकते हैं। खासकर हल्के और अल्ट्रालाइट विमान कम वजन के कारण तेज और अचानक दिशा बदलने वाली हवाओं से आसानी से हिल सकते हैं।