सोचिए, रात में घर पहुंचने के कुछ घंटे बाद अचानक एहसास हो कि आपका महंगा iPhone कहीं पीछे छूट गया है। ऐसे में सबसे पहले घबराहट होती है और दिमाग में यही सवाल आता है कि फोन अब वापस मिलेगा भी या नहीं। लेकिन जापान में रहने वाली भारतीय महिला प्रगति की कहानी थोड़ी अलग है। उनका iPhone 16 Pro पांचवीं बार गुम हुआ और हैरानी की बात यह रही कि हर बार की तरह इस बार भी फोन उन्हें वापस मिल गया। प्रगति ने सोशल मीडिया पर अपनी इस दिलचस्प कहानी का वीडियो साझा किया, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया।
उनकी कहानी में एक तरफ फोन भूलने की आदत है, तो दूसरी तरफ जापान में खोई चीज के सुरक्षित वापस मिलने को लेकर लोगों का भरोसा। यही वजह है कि यह मामला सिर्फ एक गुम हुए iPhone की कहानी नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर सुरक्षा, ईमानदारी और भरोसे को लेकर चर्चा का कारण बन गया।
इस बार फोन खोने का पता उन्हें कई घंटे बाद चला। उन्होंने किसी दूसरे डिवाइस से Apple के Find My फीचर पर फोन की लोकेशन देखी। स्क्रीन पर फोन करीब 600 मीटर दूर दिखाई दे रहा था। समय रात के लगभग 12 बज चुके थे, लेकिन लोकेशन देखकर प्रगति ने फोन की तलाश में निकलने का फैसला किया। उनका भरोसा सिर्फ तकनीक पर नहीं था, बल्कि इस बात पर भी था कि फोन शायद वहीं पड़ा हो, जहां वो उसे भूलकर आई थीं।
समुद्र किनारे बैठी थीं, वहीं छूट गया iPhone
प्रगति ने बताया कि वो अपने पति के साथ डिनर के बाद अक्सर समुद्र किनारे टहलने जाती हैं। उस रात भी दोनों कुछ देर एक जगह बैठकर बातचीत कर रहे थे। बाद में घर लौटते समय उनका iPhone वहीं छूट गया। जब ट्रैकर ने उसी जगह की ओर इशारा किया, तो प्रगति को उम्मीद थी कि शायद फोन किसी ने उठाकर दूसरी जगह नहीं रखा होगा, और हुआ भी यही। वो बताई गई लोकेशन तक पहुंचीं और उनका iPhone 16 Pro लगभग उसी जगह पड़ा मिला, जहां उन्होंने उसे छोड़ा था।
पांचवीं बार फोन खोया, हर बार मिला
प्रगति के लिए ये पहला ऐसा अनुभव नहीं था। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी Apple का Find My फीचर कई बार उनकी मदद कर चुका है। एक बार उनका फोन Apple Watch से कनेक्ट था, जिससे उसे ढूंढने में आसानी हुई। उन्होंने ये भी बताया कि पहले वो अपना फोन एक पुलिस स्टेशन और दूसरी बार सब्जी बाजार से वापस पा चुकी हैं। यानी ये उनका पांचवां मौका था, जब फोन खोया और फिर मिल गया।
असली चर्चा iPhone की नहीं, भरोसे की हुई
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान सिर्फ खोए हुए फोन पर नहीं रहा। चर्चा जापान की सार्वजनिक सुरक्षा और वहां के सामाजिक भरोसे को लेकर होने लगी। कई यूजर्स ने कहा कि इतनी बार महंगा फोन खोकर भी उसका वापस मिल जाना उनके लिए हैरान करने वाली बात है। कुछ लोगों ने जापान को ईमानदारी और सुरक्षा के उदाहरण के तौर पर पेश किया, जबकि कई भारतीय यूजर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए दोनों देशों की तुलना की।
डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।