900 Kia Car Engines Stolen: आंध्र प्रदेश से एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राज्य के श्री सत्य साई जिले में स्थित दक्षिणी कोरियाई कंपनी किया मोटर्स के पेणुकोंडा प्लांट से लगभग 900 कारों के इंजन के चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह चोरी पिछले पांच वर्षों से हो रही थी। किया कंपनी ने 19 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। श्री सत्य साई जिले में किया का कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट है।
पेणुकोंडा के उप प्रभागीय पुलिस अधिकारी वाई वेंकटेश्वरलु ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "यह चोरी वर्ष 2020 में शुरू हुई थी। तब से निरंतर होती चली आ रही है। हम इसकी गहराई से जांच करेंगे।" वेंकटेश्वरलु के अनुसार, प्रारंभिक जांच में 900 इंजन चोरी होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि ये इंजन या तो प्लांट के अंदर से या वहां पहुंचने के रास्ते में चुराए गए।
पुलिस को संदेह है कि यह चोरी कंपनी के ही कर्मचारियों की मिलीभगत से हुई है। इसके चलते जांच को कंपनी के पूर्व और वर्तमान कर्मचारियों पर केंद्रित रखा गया है। वेंकटेश्वरलु ने कहा, "बाहरी लोगों की बात नहीं है, यह सब अंदर से हुआ है। यहां तक कि एक छोटा पुर्जा भी कंपनी की अनुमति के बिना बाहर नहीं जा सकता। हम पता कर रहे हैं कि इसमें कौन-कौन शामिल है।"
वेंकटेश्वरलु ने बताया कि प्राथमिक जांच में कुछ खामियों की पुष्टि हुई है। फिलहाल कंपनी के पुराने कर्मचारियों पर जांच केंद्रित है। हालांकि कुछ मौजूदा कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। इस सिलसिले में पुलिस ने विशेष टीम गठित की हैं। कई दस्तावेज व रिकॉर्ड भी जुटाए हैं।
पुलिस के मुताबिक, किया मोटर्स शुरू में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने से हिचक रही थी। उसने पुलिस विभाग से मामले की अनौपचारिक जांच करने का आग्रह किया। हालांकि, पुलिस विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया कि औपचारिक शिकायत के बिना मामले की जांच नहीं की जा सकती।
बाद में, कंपनी ने 19 मार्च को पेनुकोंडा औद्योगिक एस्टेट पुलिस स्टेशन में औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। किया मोटर्स ने चल रही पुलिस जांच का हवाला देते हुए इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया कि लगभग 900 कार इंजन चोरी होने की रिपोर्ट के बावजूद उसके पेनुकोंडा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में उत्पादन अप्रभावित रहा है। किया मोटर्स के प्रवक्ता ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, "बाजार की मांग के आधार पर हमारा वार्षिक उत्पादन 3 से 4 लाख वाहनों के बीच है। 900 इंजनों की चोरी का हमारे उत्पादन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।"