Video Viral: एक महीने में कंटेंट बनाकर महिला ने कमाए 3.06 लाख रुपये, सिर्फ 5 ब्रांड्स के साथ किया कोलेबोरेशन, खुद खोला राज

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कंटेंट क्रिएटर ने अपनी अक्टूबर महीने की कमाई और ब्रांड्स के साथ किए गए काम की जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि, दुर्गा पूजा के त्योहार के कारण अक्टूबर का महीना उनके लिए काफी खास और अहम रहा

अपडेटेड Nov 13, 2026 पर 9:49 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अक्टूबर में इन पार्टनरशिप से 3.06 लाख रुपये की कमाई की (Photo: Canva)

आज के समय में कंटेंट बनाना भी कमाई का एक अच्छा जरिया बन गया है। कई सोशल मीडिया क्रिएटर्स ब्रांड्स के साथ मिलकर काम करते हैं और इससे उन्हें अच्छी आमदनी होती है। त्योहारों के मौसम में बड़ी कंपनियां भी प्रमोशन के लिए इन्फ्लुएंसर्स से जुड़ती हैं। इसी बीच कोलकाता की एक कंटेंट क्रिएटर ने अपनी कमाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर महीने में ब्रांड्स के साथ काम करके उन्होंने लाखों रुपये कमाए। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।

अक्टूबर का महीना रहा खास

इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कंटेंट क्रिएटर सायंतिका भौमिक ने अपनी अक्टूबर महीने की कमाई और ब्रांड्स के साथ किए गए काम की जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि, दुर्गा पूजा के त्योहार के कारण अक्टूबर का महीना उनके लिए काफी खास और अहम रहा। फेस्टिव सीजन के दौरान ब्रांड्स के साथ कम काम करने के फैसले पर भौमिक ने कहा, "अक्टूबर त्योहारों का बड़ा महीना होता है, क्योंकि इसी दौरान दुर्गा पूजा मनाई जाती है। एक बंगाली होने के नाते यह समय मेरे लिए बेहद खास था। इसलिए मैंने सिर्फ पांच ब्रांड्स के साथ काम किया, ताकि खुद के लिए भी कुछ त्योहारों से जुड़ा कंटेंट बना और पोस्ट कर सकूं।"


3.06 लाख रुपये की हुई कमाई

सिर्फ पांच ब्रांड्स के साथ काम करने के बावजूद भौमिक ने बताया कि उन्होंने अक्टूबर में इन पार्टनरशिप से 3.06 लाख रुपये की कमाई की। अपने साथ काम करने वाले ब्रांड्स और कमाई के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, "अक्टूबर में मैंने टीरा, मिंत्रा ब्यूटी, स्प्राइट, पिलग्रिम और लवचाइल्ड बाय मसाबा के साथ काम किया। इन पांच ब्रांड्स के साथ कोलेबोरेशन करके मैंने कुल 3.06 लाख रुपये कमाए।"

 

 
View this post on Instagram
 

A post shared by Sayantika Bhowmick (@dusky_touch)

डील को लेकर बातचीत के बारे में भौमिक ने बताया, "कुछ ब्रांड्स के साथ हुई डील में एड के अधिकार भी शामिल थे, जबकि कुछ ब्रांड्स से मैंने कम पैसे लिए। इसकी वजह उन ब्रांड्स का नाम और मेरे साथ-साथ एजेंसी के साथ उनका अच्छा संबंध था।"

अभी तक अकाउंट में नहीं आए पैसे

भौमिक ने बताया कि ब्रांड्स और एजेंसी के साथ अच्छे रिश्तों के चलते उन्होंने कुछ प्रोजेक्ट्स के लिए कम फीस ली थी। कंटेंट क्रिएटर ने बताया कि, अक्टूबर में ब्रांड्स के साथ काम करके उन्होंने 3.06 लाख रुपये कमाए, लेकिन यह रकम अभी तक उनके बैंक खाते में नहीं आई है। पेमेंट मिलने में देरी की वजह बताते हुए भौमिक ने कहा, "मुझे अभी तक पैसे नहीं मिले हैं, क्योंकि पेमेंट मिलने में 30 से 45 दिन का समय लगता है। हालांकि, उम्मीद है कि नवंबर के आखिर तक मुझे पैसे मिल जाएंगे। मैं अपने करियर से जुड़ी यही जानकारी आप सभी के साथ शेयर करना चाहती थी।"

लोगों ने दिया रिएक्शन

भौमिक के वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने उनकी कमाई और काम से जुड़ी जानकारी खुलकर साझा करने के फैसले की तारीफ की। एक यूजर ने कमेंट किया, "बहुत अच्छा, अब मैं तुमसे प्रेरित हो रही हूं।" वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, "मुझे तुम्हारी ईमानदारी और खुलकर बात करने का अंदाज पसंद आया।" इसके अलावा भी कई लोगों ने अपनी कमाई और पेमेंट से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए उनकी सराहना की।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।