गुजरात के भावनगर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। पलिताना तालुका के धारजिया गांव में सोमवार, 6 जुलाई की सुबह एक शेर ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। करीब 46 सेकंड की इस क्लिप में शेर व्यक्ति को जमीन पर दबाए हुए दिखाई देता है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद गांव के लोगों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और ऐसे हादसों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, घायल व्यक्ति की पहचान गांव के मालधारी समुदाय के कालूभाई बोघाभाई गमारा के रूप में हुई है। सोमवार सुबह उनके घर के पास एक शेर ने उन पर हमला कर दिया। शेर ने अचानक झपट्टा मारकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और उनके पैर पर पंजों से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमले के डरावने पल कैद हैं। करीब 46 सेकंड की इस क्लिप में शेर व्यक्ति को जमीन पर दबाए हुए दिखाई देता है, वहीं वह खुद को बचाने की पूरी कोशिश करता नजर आता है। वीडियो में आसपास मौजूद ग्रामीणों की चीख-पुकार भी सुनाई देती है। लोगों ने शेर को भगाने के लिए पत्थर फेंके और जोर-जोर से चिल्लाया, लेकिन शुरुआत में इसका कोई असर नहीं हुआ। कुछ देर बाद शेर पास के जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद ग्रामीण घायल व्यक्ति को बचाने में सफल रहे।
व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया
इसके बाद उन्हें तुरंत पालिताना के मानसिंहजी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हमले में उन्हें कई गंभीर चोटें आई हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने घायल व्यक्ति की हालत को लेकर चिंता जताई और जानना चाहा कि वह सुरक्षित है या नहीं। वहीं, कई लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से अपील की कि इंसानों और जंगली जानवरों के बीच बढ़ रहे ऐसे खतरनाक मामलों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और जरूरी कदम जल्द उठाए जाएं।
वीडियो पर रिएक्शन देते हुए एक यूजर ने लिखा, "उम्मीद है वह आदमी इस शेर के हमले में बच गया होगा।" वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, "लगता है उसका हाथ बुरी तरह घायल हो गया है। उम्मीद है कि वह सुरक्षित होगा और अब खतरे से बाहर होगा।" दूसरे यूजर ने कहा, "ऐसी घटना की आशंका पहले से थी। गुजरात में कई बार लोगों को शेरों के काफी करीब जाकर वीडियो बनाते देखा गया है।" वहीं, एक व्यक्ति ने दावा किया, "पिछले एक महीने में यह चौथी ऐसी घटना है।" जबकि एक अन्य यूज़र ने इसे "बेहद चिंताजनक स्थिति" बताया।