जीकेबी ऑप्थैल्मिक्स लिमिटेड की सालाना आम बैठक (AGM) काफी हंगामेदार रही। इसमें अचानक से इतना ज्यादा ड्रामा क्रिएट हो गया कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वर्चुअली हुई इस एजीएम में एक शेयरहोल्डर कुछ ज्यादा ही खफा नजर आया, यहां तक कि उसने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर कृष्ण गोपाल गुप्ता को कोसना शुरू कर दिया। किसी बॉलीवुड फिल्म या टीवी सीरियल की तरह श्राप तक दे डाला। इस दौरान एक और बात दिलचस्प रही और वह यह कि उस शेयरहोल्डर के पास 80 रुपये का केवल एक शेयर है।
जीकेबी ऑप्थैल्मिक्स के नाराज शेयरहोल्डर का नाम अभिषेक कालरा है। एजीएम के दौरान जब उन्हें अपनी बात कहने का मौका मिला तो उन्होंने अपनी नाराजगी खुलकर जताई, कंपनी के एमडी के साथ-साथ उनके बेटे विक्रम गुप्ता को भी खरी-खोटी सुना दी। कंपनी के प्रदर्शन और गवर्नेंस के मुद्दों पर कंपनी की लीडरशिप की कड़ी आलोचना की।
कभी मुनाफा नहीं देने का आरोप
शेयरहोल्डर ने गुप्ता पर कभी मुनाफा नहीं देने का आरोप लगाया। कहा कि जब वह मरेंगे तो उनकी अर्थी के पीछे 10 शेयरहोल्डर भी नहीं होंगे। शेयरहोल्डर अभिषेक कालरा ने इस दौरान फिल्मी और सीरियल वाली स्टाइल में श्राप दे दिया कि कृष्ण गोपाल गुप्ता अगले जन्म में कुत्ता बनेंगे।
जब कालरा बोल रहे थे तो कृष्ण गोपाल गुप्ता ने उन्हें शिष्टाचार बनाए रखने और गलत शब्दों का इस्तेमाल न करने को कहा। लेकिन कालरा नहीं रुके। बाद में कॉल को डिसकनेक्ट कर दिया गया। आखिर में जब गुप्ता ने कंपनी के अधिकारियों से कालरा की शेयरहोल्डिंग के बारे में पूछा तो पता चला कि उनके पास केवल एक शेयर है।
पिछले एक साल में, जीकेबी ऑप्थैल्मिक्स के शेयरों में 32 प्रतिशत की गिरावट आई है। 3 महीनों में कीमत 10 प्रतिशत चढ़ी है। कंपनी का मार्केट कैप 40 करोड़ रुपये से ज्यादा है। जून 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास कंपनी में 51.06 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।