कहते हैं कि सब्र का फल मीठा होता है, लेकिन अमेरिका के जैक पियराडिन के लिए यह फल बेहद कीमती निकला। वह पिछले 13 साल से ज्यादा समय से जमीन में हीरे तलाश रहे थे। इस दौरान उन्हें 300 से अधिक रत्न मिले, लेकिन जिस खोज का उन्हें इंतजार था, वह अचानक TikTok पर लाइव स्ट्रीमिंग करते हुए पूरी हो गई। जैक को 6.03 कैरेट का दुर्लभ पीला हीरा मिला है। इसकी संभावित कीमत लाखों से लेकर करोड़ों रुपये तक आंकी जा रही है।
सुनहरी चमक, करीब से देखा तो निकला हीरा
जैक पियराडिन अमेरिकी नौसेना में रिजर्विस्ट हैं और साल 2013 से अर्कांसस स्थित क्रेटर ऑफ डायमंड्स स्टेट पार्क में हीरे खोज रहे हैं। 25 जनवरी 2026 को वह अपने दोस्त माइकल शूमाकर के साथ बजरी छान रहे थे।
इसी दौरान बजरी के एक ढेर में उन्हें सुनहरी चमक दिखाई दी। जब उन्होंने करीब जाकर देखा, तो पता चला कि वह एक दुर्लभ पीला हीरा है। खास बात यह रही कि जिस समय जैक को यह रत्न मिला, वह TikTok पर लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे। इस तरह उनकी वर्षों की मेहनत का सबसे बड़ा पल कैमरे में भी कैद हो गया।
इस हीरे का वजन 6.03 कैरेट है। इसका चमकीला पीला रंग और 48 सतहों वाली असामान्य क्रिस्टल संरचना इसे खास बनाती है। इसे साल 2026 में पार्क में मिला अब तक का सबसे बड़ा हीरा बताया गया है। कुछ कलेक्टरों का अनुमान है कि इसकी कीमत 10 लाख डॉलर यानी करीब 9.57 करोड़ रुपये तक हो सकती है। वहीं, एक प्रमाणित रत्न मूल्यांकनकर्ता के अनुसार, पार्क से मिले इस आकार के उच्च गुणवत्ता वाले हीरे की कीमत लगभग 2.5 लाख डॉलर यानी करीब 2.4 करोड़ रुपये हो सकती है। हालांकि, इसकी वास्तविक कीमत विशेषज्ञ मूल्यांकन और गुणवत्ता पर निर्भर करेगी।
दोस्त के साथ बांटेंगे कमाई
जैक और माइकल ने इस दुर्लभ रत्न का नाम 'अमेरिकन ड्रीम डायमंड' रखा है। जैक ने बताया है कि हीरे से होने वाली कमाई वह अपने दोस्त के साथ साझा करेंगे, जिसने बजरी इकट्ठा करने में उनकी मदद की थी। इसके अलावा, वह इस पैसे से अपनी क्रिस्टल खदान खोलने का सपना भी पूरा करना चाहते हैं।
ऐसी जगह जहां लोग खुद खोज सकते हैं हीरे
अर्कांसस का क्रेटर ऑफ डायमंड्स स्टेट पार्क दुनिया की उन चुनिंदा जगहों में शामिल है, जहां आम लोग हीरे खोज सकते हैं और मिले रत्न अपने पास रख सकते हैं। साल 1972 में स्टेट पार्क बनने के बाद से यहां 37,000 से ज्यादा हीरे मिल चुके हैं।
जैक की इस खोज पर सोशल मीडिया यूजर्स भी उत्साहित हैं। कई लोगों ने उनके धैर्य और लगातार कोशिशों की तारीफ की। 13 साल की लंबी तलाश के बाद मिला यह हीरा उनके लिए सिर्फ एक कीमती रत्न नहीं, बल्कि मेहनत और उम्मीद की एक बड़ी जीत है।