ऑफिस जाने के लिए रोजाना ट्रैफिक में फंसना और समय पर पहुंचने की चिंता करना आम बात है। लेकिन अमेरिका के एक शख्स ने इससे बचने का अनोखा तरीका खोज निकाला है। 28 वर्षीय जैकब हट्जलर कार या बाइक से नहीं, बल्कि आसमान में उड़कर अपने ऑफिस पहुंचते हैं। वह पैरामोटर की मदद से घर से एयरपोर्ट तक का सफर तय करते हैं। उनका यह अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
घर से निकलकर ऐसे भरते हैं उड़ान
अमेरिका के कोलोराडो में रहने वाले जैकब ने इंस्टाग्राम पर अपने ऑफिस जाने का वीडियो शेयर किया। इसमें वह उड़ान से जुड़े उपकरण लेकर घर से बाहर निकलते हैं। इसके बाद खुले स्थान पर पैराशूट जैसी विंग फैलाते हैं और पीठ पर मोटर वाला बैग पहनते हैं। उड़ान से पहले जरूरी जांच करने के बाद वह कुछ कदम दौड़ते हैं और हवा में उड़ जाते हैं। नीचे दिखाई देने वाले खेतों और खुले इलाकों का नजारा लेते हुए वह अपने काम की जगह की ओर बढ़ते हैं। वीडियो में वह हवा में आराम से पैर क्रॉस करके बैठे भी दिखाई देते हैं।
सिर्फ 20 मिनट में पहुंच जाते हैं ऑफिस
जैकब ने बताया कि पैरामोटर से ऑफिस पहुंचने में उन्हें करीब 20 मिनट लगते हैं। उन्होंने अपनी उड़ान की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि सबसे पहले वह अपने अपार्टमेंट के सामने सड़क तक जाते हैं। इसके बाद विंग तैयार करते हैं और मोटर की जांच करते हैं।
जैकब पेशे से एयर ट्रैफिक कंट्रोलर हैं। उन्होंने बताया कि एयरस्पेस में प्रवेश करने से पहले वह एयरपोर्ट के कंट्रोल टावर से दोतरफा संपर्क स्थापित करते हैं। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अपने उपकरण समेटकर ड्यूटी पर चले जाते हैं।
पैरामोटर एक ऐसा उड़ने वाला उपकरण है, जिसमें पैराग्लाइडिंग विंग के साथ मोटर और प्रोपेलर लगा होता है। इसे पीठ पर पहनकर व्यक्ति जमीन से दौड़ते हुए उड़ान भर सकता है। हालांकि, इसके इस्तेमाल के लिए मौसम, सुरक्षा और हवाई क्षेत्र से जुड़े नियमों का पालन जरूरी होता है। जैकब ने बताया कि वह Parajet Maverick मोटर और Ozone Sirocco 3 की 18 मीटर विंग का इस्तेमाल करते हैं। उनके मुताबिक, यह सेटअप उड़ान के दौरान अच्छी गति और नियंत्रण देता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्या कहा?
जैकब का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि अब ऐसे विकल्प अपनाने का समय आ गया है। दूसरे ने इसे ऑफिस पहुंचने का सबसे शानदार तरीका बताया। एक यूजर ने पूछा कि क्या इस तरह उड़कर काम पर जाना कानूनी है। वहीं, किसी ने मजाक में लिखा कि जैकब देर से पहुंचें तो कह सकते हैं कि आज आसमान में ट्रैफिक ज्यादा था।
बचपन से था उड़ान भरने का शौक
जैकब को बचपन से ही उड़ने का शौक था। उनके दादा उन्हें छोटे विमान में सफर कराते थे। कॉलेज के दौरान उन्होंने पायलट लाइसेंस भी हासिल किया, लेकिन खर्च अधिक होने के कारण विमान उड़ाना छोड़ना पड़ा। बाद में उन्होंने पैरामोटर के जरिए अपने शौक को जारी रखा। अब उनका अनोखा सफर सोशल मीडिया पर लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया है।