सोशल मीडिया पर इस समय एक युवर की कहानी काफी चर्चा में है। ट्रेन से घर जा रहे एक व्यक्ति की लाइफ कुछ ही मिनटों में बदल गई। जब सफर के दौरान उनके फोन पर एक ईमेल आया, जिसमें उसकी नौकरी जाने की जानकारी दी गई थी। लिंक्डइन पर शेयर की गई ये घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लिंक्डइन यूजर पल्लबी मलिक ने बताया कि सफर के दौरान उनकी मुलाकात एक यात्री से हुई, जिसके साथ उन्होंने परिवार, करियर और आने वाले दिनों की योजनाओं पर लंबी बातचीत की। सब कुछ नॉर्मल चल रहा था, लेकिन तभी उसके फोन पर आया एक नोटिफिकेशन माहौल को पूरी तरह बदल गया। ये घटना कॉर्पोरेट दुनिया में नौकरी और भविष्य से जुड़ी अनिश्चितताओं को एक बार फिर सामने लेकर आई।
पल्लबी मलिक ने बताया कि सफर के दौरान वह व्यक्ति काफी खुश और उत्साहित था। उसने अपने नए घर, उसकी ईएमआई और इस साल अपने माता-पिता को चार धाम यात्रा पर ले जाने के सपने के बारे में बात की। उसे उम्मीद थी कि उसकी जिंदगी अब सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
पल्लबी मलिक ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पिछले शुक्रवार को ट्रेन यात्रा के दौरान मेरी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई। अगले कुछ घंटों तक हमारी ज़िंदगी से जुड़े कई विषयों पर बातचीत होती रही। उसने अपने नए घर, उसकी भारी ईएमआई और इस साल अपने माता-पिता को चार धाम यात्रा पर ले जाने की योजना के बारे में बताया।” मलिक के मुताबिक, वह व्यक्ति अपने माता-पिता के साथ कुछ समय बिताने के लिए घर जा रहा था। बातचीत के दौरान अचानक उस व्यक्ति के फोन पर एक नोटिफिकेशन आया। मलिक ने बताया कि जैसे ही उसने संदेश देखा, उसके चेहरे के भाव पूरी तरह बदल गए।
उन्होंने लिखा, “उसने अपना फोन देखा और कुछ ही सेकंड में उसका चेहरा उतर गया। मैंने उससे पूछा, ‘क्या सब ठीक है?’ इस पर उसने मेरी ओर देखा और कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरी नौकरी चली गई है।’” लिंक्डइन पोस्ट के अनुसार, उस व्यक्ति को जो संदेश मिला था, वह नौकरी से निकाले जाने की सूचना वाला ईमेल था। मलिक ने बताया कि एक पल में उसकी खुशी और उत्साह चिंता और तनाव में बदल गया। कुछ देर पहले तक वह अपने माता-पिता से मिलने को लेकर बेहद उत्साहित था, लेकिन ईमेल पढ़ने के बाद उसकी सबसे बड़ी चिंता यह बन गई कि वह उन्हें अपनी नौकरी जाने की खबर कैसे बताएगा।
मलिक ने लिखा, “घर वही था, ईएमआई भी वही थी और जिम्मेदारियां भी नहीं बदली थीं, लेकिन नौकरी अब नहीं रही थी।” उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों से मिलने के लिए वह बेसब्री से इंतजार कर रहा था, वही लोग अचानक उसके लिए चिंता और डर की वजह बन गए।
सोशल मीडिया पर लोगों ने किया कमेंट
इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर कई लोगों को इमोशनल कर दिया। कई यूजर्स ने नौकरी जाने के बाद होने वाले मेंटल और फाइनेंशनल दबाव पर अपनी राय शेयक की। एक यूजर ने लिखा, “एक ईमेल आपकी सबसे खुशहाल यात्रा को पलभर में सबसे मुश्किल सफर में बदल सकता है।” वहीं, दूसरे यूजर ने कहा, “ये बेहद दुखद है। एक पल पहले सब कुछ सामान्य लगता है और अगले ही पल पूरी तस्वीर बदल जाती है। जिंदगी कब करवट ले ले, कोई नहीं जानता।” कई लोगों ने कॉर्पोरेट दुनिया की अनिश्चितता पर चिंता जताई, जबकि कुछ ने उम्मीद जताई कि वह व्यक्ति जल्द ही नई नौकरी हासिल कर इस कठिन दौर से बाहर निकल आएगा।