Viral Video: एयर कंडीशनर का इस्तेमाल आमतौर पर गर्मी से राहत पाने और कमरे को ठंडा रखने के लिए किया जाता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस पोस्ट को देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। एक व्यक्ति ने अपने घर में नया एसी लगवाया, लेकिन उसे लगाने में ऐसी गलती कर दी कि कमरा ठंडा होने के बजाय और समस्या और बढ़ गई। इसी वजह से ये पोस्ट इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं।
इस मजेदार कहानी की शुरुआत तब हुई जब एक महिला को उसके दोस्त का घबराया हुआ फोन आया। उसने बताया कि उसने करीब 35,000 रुपये खर्च करके नया एसी लगवाया है, लेकिन काफी देर तक चलाने के बाद भी कमरा ठंडा नहीं हो रहा था। इस वजह से वह काफी परेशान था। वहीं ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
एक्स पर साझा की गई अपनी पोस्ट में महिला ने लिखा, “मेरे दोस्त ने 35,000 रुपये खर्च करके नया एसी खरीदा था। कुछ समय बाद उसने मुझे फोन किया और कहा, ‘यार, एसी तो चल रहा है, लेकिन कमरा बिल्कुल भी ठंडा नहीं हो रहा।’ मैंने उससे कहा, ‘ठीक है, पहले इसकी एक तस्वीर भेजो।’ जैसे ही उसने फोटो भेजी और मैंने उसे देखा, मेरी हंसी नहीं रुकी।” तस्वीर में एसी तो सही लगा था, लेकिन उसकी आउटडोर यूनिट भी कमरे के अंदर ही रख दी गई थी। यही वजह थी कि गर्म हवा बाहर नहीं निकल पा रही थी और एसी कमरा ठंडा नहीं कर रहा था।
आउटडोर यूनिट गंदा हो जाएगा
पोस्ट में आगे महिला ने लिखा, “मेरे दोस्त ने एसी खुद ही लगाया था, लेकिन उसने आउटडोर यूनिट भी कमरे के अंदर ही रख दी। जब मैंने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उसने जवाब दिया, ‘अगर इसे बाहर लगाऊंगा तो उस पर धूल जम जाएगी, इसलिए मैंने इसे सेफ रखने के लिए अंदर ही लगा दिया।" महिला ने आगे मजाकिया अंदाज में लिखा, “अब मैं उसे कैसे समझाऊं कि आउटडोर यूनिट का असली काम कमरे की गर्मी को बाहर निकालना होता है। लेकिन इस महान इंसान ने उस सारी गर्मी को कमरे के अंदर ही रखने का फैसला कर लिया।”
महिला ने अपनी पोस्ट में आगे मजाक करते हुए लिखा, “इस समय तो एसी भी शायद यही सोच रहा होगा कि ‘मुझमें कोई खराबी नहीं है, असली दिक्कत तो मुझे लगाने वाले व्यक्ति में है।’ सच कहूं तो, इस तरह का आत्मविश्वास देखकर अच्छे-अच्छे प्रोफेशनल इंजीनियर भी अपने करियर के बारे में सोचने लगें। अब आप ही बताइए, ऐसे जबरदस्त इंजीनियर दोस्त को क्या सलाह दी जानी चाहिए?”
लोगों ने किया मजेदार कमेंट
जैसे ही ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने कमेंट सेक्शन में मजेदार रिएक्शन की झड़ी लगा दी। एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “लगता है आउटडोर यूनिट को चोरी से बचाने के लिए घर के अंदर ही रख लिया गया है।” वहीं दूसरे ने लिखा, “भाई तो वाकई जीनियस निकला।” एक अन्य व्यक्ति ने हंसते हुए टिप्पणी की, “तुम्हारे दोस्त ने एसी नहीं खरीदा है, बल्कि कुछ अतिरिक्त फीचर्स वाला रूम हीटर खरीद लिया है।”
एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “एसी तो अपना काम पूरी मेहनत से कर रहा है, लेकिन तुम्हारा दोस्त साइंस के नियमों को चुनौती देने के लिए उससे भी ज्यादा मेहनत कर रहा है। सच में, यह तो कमाल है।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “भाई ने सिर्फ एसी नहीं लगाया, बल्कि थर्मोडायनामिक्स के नियमों को ही चुनौती दे दी। अब तो एसी नहीं, बल्कि बेचारा आउटडोर यूनिट सोच रहा होगा कि इसमें मेरी कोई गलती नहीं है, मेरे मालिक की प्रतिभा ही कुछ अलग है।”