Video: रील की चाहत में दांव पर लगी जिंदगी...नदी में उतारी SUV, अचानक हो गया ऐसा तगड़ा कांड

Viral Video: जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग में रील बनाने के लिए कुछ युवाओं ने अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो तेज बहाव वाली सिंध नदी में उतार दी। नदी में फंसने के बाद सभी की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है

अपडेटेड Sep 12, 2026 पर 11:14 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सिंध नदी में स्कॉर्पियो फंसने के बाद मौके पर मौजूद लोगों के लिए गाड़ी को बाहर निकालना मुश्किल हो गया था

Viral Video: सोशल मीडिया पर अक्सर लोग एक वीडियो के लिए अपनी जान को भी खतरे में डाल देते हैं। जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, रील बनाने के चक्कर में कुछ युवाओं ने अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो को तेज बहाव वाली सिंध नदी में उतार दी। ये घटना होटल सिंध रिसॉर्ट्स के पास हुई। SUV के नदी में फंसते ही उसमें सवार लोगों की जान पर बन आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं बाद में उनको पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लोगों को बाहर निकाला गया

सिंध नदी में स्कॉर्पियो फंसने के बाद मौके पर मौजूद लोगों के लिए गाड़ी को बाहर निकालना मुश्किल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम वहां पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर SUV में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और नदी के किनारे ले आए। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई। बचाव अभियान के बाद स्कॉर्पियो को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने बताया कि गाड़ी चला रहे शख्स की पहचान श्रीनगर के नवाकदल निवासी मोहम्मद इबाद भट के रूप में हुई है, वहीं उनके साथ मौजूद नसीर अहमद मुगल रियासी के माहोर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, वीडियो बनाने के लिए तेज बहाव वाली नदी में गाड़ी ले जाना बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना कदम था। इससे SUV में मौजूद लोगों के अलावा आसपास के लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। मामले को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

अधिकारियों ने लोगों से की अपील

अधिकारियों ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से नदी, झरने और दूसरी पानी वाली जगहों पर खतरनाक स्टंट न करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में पानी का बहाव कभी भी अचानक तेज हो सकता है और थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा कर सकती है। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए नदी में गाड़ी उतारना भी बेहद खतरनाक है। इससे जान जाने का खतरा रहता है और ऐसी हरकत करने वालों पर पुलिस कार्रवाई भी हो सकती है।

लोगों ने किया कमेंट

इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने कमेंट करते हुए कहा कि, 'SUV को नदी में ले जाना बिल्कुल समझदारी भरा फैसला नहीं था।' वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'ज्यादा पैसे होने पर कुछ लोग अपनी जिम्मेदारी और समझदारी भूल जाते हैं।' एक अन्य यूजर ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। कुछ लोगों ने पुलिस और स्थानीय लोगों की ओर से किए गए बचाव कार्य की तारीफ की।

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।