पश्चिम बंगाल के दीघा बीच पर एक मां और बेटी की जान पर बन आई। दोनों समुद्र के किनारे एक चट्टान पर बैठी थीं, तभी अचानक तेज लहर आई और उन्हें बहाकर पानी में ले गई। लहरें बार-बार दोनों को समुद्र के अंदर खींच रही थीं, लेकिन मां ने अपनी बेटी का हाथ नहीं छोड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में मां-बेटी को तेज लहरों से बचने की कोशिश करते देखा जा सकता है। आसपास खड़े लोग उन्हें देखकर चिल्ला रहे थे। कुछ लोग उनकी मदद के लिए आगे भी आए। काफी कोशिशों के बाद दोनों सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहीं।
अचानक तेज लहरों में फंसी मां-बेटी
मां और बेटी समुद्र के पास एक चट्टान पर बैठी थीं। तभी अचानक एक बड़ी लहर आई और दोनों को बहाकर पानी में ले गई। इसके बाद एक के बाद एक कई लहरें आईं। दोनों कभी किनारे की तरफ आतीं, तो कभी वापस समुद्र में चली जातीं।
इस दौरान मां ने बेटी का हाथ मजबूती से पकड़ रखा था। तभी एक व्यक्ति उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन एक और तेज लहर ने दोनों को फिर से पानी में गिरा दिया।
मां-बेटी को पानी में फंसा देखकर कई लोग किनारे पर इकट्ठा हो गए। सभी ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की। हालांकि, तेज लहरों के कारण दोनों को बचाना आसान नहीं था। लहरें बार-बार उन्हें समुद्र की तरफ खींच रही थीं।
काफी देर की कोशिश के बाद दोनों किसी तरह किनारे तक पहुंच गईं। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उन्हें सुरक्षित जगह तक पहुंचने में मदद की।
लोगों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पर्यटकों को समुद्र के पास सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि तेज लहरों और हाई टाइड के समय पानी के पास जाना खतरनाक हो सकता है।
एक यूजर ने कहा कि समुद्र में जाने से पहले लहरों का ध्यान रखना चाहिए। वहीं, एक अन्य यूजर ने बताया कि वह तीन बार दीघा बीच जा चुका है। बीच खूबसूरत है, लेकिन यहां अचानक तेज लहरें आ सकती हैं।
कई लोगों ने मां-बेटी के सुरक्षित बचने पर राहत जताई। एक यूजर ने कहा कि दोनों की किस्मत अच्छी थी कि वे इस हादसे से बच गईं।