देश में अक्सर परीक्षा के नतीजों के साथ बच्चों पर दबाव, तुलना और उम्मीदों का बोझ जुड़ा होता है। लेकिन, मुंबई के एक परिवार ने इस सोच को बदलने की कोशिश की है। मुंबई के एक परिवार ने अपने बेटे के परीक्षा में 55 प्रतिशत अंक आने पर ऐसा जश्न मनाया कि सोशल मीडिया पर लोग खुश हो गए। परिवार ने सिर्फ नंबरों पर ध्यान देने के बजाय बेटे की मेहनत और कोशिश की सराहना की। घर में तालियों और खुशियों के बीच उसका स्वागत किया गया और उसकी मार्कशीट की तरह दिखने वाला खास केक भी काटा गया।
बेटे के आए 55% मार्क्स...
यह इमोशनल पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद लोग इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि बच्चों के लिए माता-पिता का प्यार और हौसला, परीक्षा के अंकों से कहीं ज्यादा जरूरी होता है। कई लोगों ने कहा कि काश उन्हें भी बचपन में अपने परिवार से ऐसा ही समर्थन और प्रोत्साहन मिला होता। मुंबई के एक परिवार ने अपने बेटे के 55 प्रतिशत अंक आने पर खास अंदाज में जश्न मनाया। यह वीडियो मुंबई की इंस्टाग्राम यूजर रुखसार पटेल ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
पैरेंट्स ने बनवा दिया मार्कशीट का केक
वीडियो में दिखाया गया है कि परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद परिवार ने छात्र के लिए सरप्राइज केक तैयार किया। इस खास मौके पर घर का माहौल खुशियों से भरा नजर आया। सबसे ज्यादा ध्यान उस केक ने खींचा, जिसे बिल्कुल मार्कशीट की तरह बनाया गया था। केक पर छात्र के सभी विषयों के अंक लिखे हुए थे। इसमें अंग्रेजी में 57, मराठी में 44, हिंदी में 56, गणित में 59 और सामाजिक विज्ञान में 44 अंक दिखाए गए थे। कुल मिलाकर छात्र को 500 में से 276 अंक मिले, जो 55.20 प्रतिशत बनते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि जैसे ही छात्र कमरे में आता है, परिवार के सभी लोग तालियां बजाकर उसका स्वागत करते हैं और उसका हौसला बढ़ाते हैं। अपने लिए तैयार किया गया खास केक देखकर वह पहले थोड़ा हैरान हो जाता है। इसके बाद परिवार के साथ मिलकर वह खुशी-खुशी केक काटता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर इसलिए लोगों को खास लगा, क्योंकि आमतौर पर परीक्षा के अंकों को लेकर बच्चों पर दबाव बनाया जाता है या उनकी आलोचना की जाती है। लेकिन इस परिवार ने नंबरों की बजाय बेटे की मेहनत और आत्मविश्वास को महत्व दिया और उसका उत्साह बढ़ाने का फैसला किया।
इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहा है। कई लोगों ने परिवार के इस सोच और बेटे का हौसला बढ़ाने के तरीके की जमकर तारीफ की। वहीं कुछ यूज़र्स ने अपनी जिंदगी के अनुभव भी साझा किए और बताया कि अच्छे अंक लाने के बावजूद उन्हें ऐसा प्यार और सम्मान नहीं मिला था।
एक यूज़र ने लिखा, “हर माता-पिता को अपने बच्चों का इसी तरह उत्साह बढ़ाना चाहिए।”
वहीं एक दूसरे यूजर ने कहा, “मुझे 84 प्रतिशत अंक लाने पर भी ऐसा सम्मान नहीं मिला था।”
एक अन्य व्यक्ति ने अपनी कहानी बताते हुए लिखा, “10वीं में मेरे 95 प्रतिशत और 12वीं में 94.8 प्रतिशत अंक आए थे, लेकिन तब भी मुझे ऐसा प्यार और सराहना नहीं मिली।”
एक यूज़र ने लिखा, “बधाई हो दोस्त, अंकों की ज्यादा चिंता मत करो। सिर्फ नंबर ही आपका भविष्य तय नहीं करते।”
कई लोगों ने कहा कि यह वीडियो उन्हें काफी अलग और अच्छा लगा, क्योंकि आमतौर पर छात्रों को सिर्फ उनके नंबर और रैंक के आधार पर ही परखा जाता है। लोगों के मुताबिक, इस परिवार ने बच्चों को प्रोत्साहन देने की एक अच्छी मिसाल पेश की है। वीडियो वायरल होने के बाद रुखसार पटेल ने कई कमेंट्स का जवाब भी दिया।