महाराष्ट्र के फेमस लोहागढ़ किले का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक लोकल युवक दिल्ली से आए कुछ टूरिस्ट को किले के अंदर सिगरेट पीने से मना करता है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोहागढ़ किला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक धरोहर है। यहां पर स्मोकिंग, शराब और किसी भी तरह के नशीले पदार्थ का इस्तेमाल या उन्हें साथ लाना नियमों के खिलाफ है। वीडियो के वायरल होने के बाद से लोग इस पर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
लोहागढ़ किले में टूरिस्टों का वीडियो वायरल
'एक्स' पर शेयर किए गए वीडियो में एक लोकल युवक किले के अंदर स्मोकिंग कर रहे टूरिस्ट से सवाल करता नजर आता है। वह उनसे पूछता है, "तुम्हें यहां सिगरेट पीने की इजाजत किसने दी?" जब टूरिस्ट ने कहा कि उन्हें इस तरह के किसी नियम की जानकारी नहीं थी और वहां ऐसा कोई बोर्ड भी नहीं दिखा, जिस पर स्मोकिंग करने की मनाही लिखी हो, तो स्थानीय युवक ने कहा, "तुम्हें कॉमन सेंस होना चाहिए। क्या तुम मंदिर के अंदर स्मोकिंग करोगे? ये किला हमारा मंदिर है।" वीडियो में पर्यटक बार-बार कहते सुनाई देते हैं कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि किले के परिसर में स्मोकिंग करना मना है।
इस दौरान एक टूरिस्ट ने स्थानीय युवक से शांत रहने की बात कही, जबकि दूसरे ने कहा कि उनका नियम तोड़ने का कोई इरादा नहीं था। इसके बाद स्थानीय युवक ने उनके सिगरेट के पैकेट अपने पास रख लिए ताकि वे किले के अंदर दोबारा स्मोकिंग न करें। साथ ही उसने चेतावनी दी कि अगर वे फिर से सिगरेट पीते हुए मिले, तो वह इस मामले की शिकायत पुलिस से करेगा।
सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने स्थानीय युवक की सराहना की। वहीं, कुछ लोगों का मानना था कि टूरिस्टों को समझाने का तरीका थोड़ा शांत और संयमित होना चाहिए था। एक यूजर ने लिखा, "ऐतिहासिक और धार्मिक जगहों का सम्मान करना हर किसी की जिम्मेदारी है। ऐसे स्थानों की रक्षा के लिए लोगों ने अपने प्राण दिए हैं, इसलिए यहां कॉमन सेंस दिखाना जरूरी है।" एक और व्यक्ति ने लिखा, "भारत में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करना कानूनन प्रतिबंधित है। इसके लिए हर जगह बोर्ड लगाने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, पर्यटक होने के कारण उन्हें समझाने का तरीका थोड़ा नरम होना चाहिए था और अपशब्दों से बचना चाहिए था।"
वहीं, कुछ लोगों ने स्थानीय युवक के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, "अगर किसी को नियमों की जानकारी नहीं है, तो उसे शांति से समझाना चाहिए। वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने की क्या जरूरत थी?" एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "अगर पहली बार समझाने के बाद भी कोई नियम नहीं मानता, तो उसकी शिकायत करनी चाहिए। लेकिन किसी से बात करते समय मर्यादा और शालीनता भी बनाए रखनी चाहिए।"