Credit Cards

ईद पर दंगे और धमाकों की आशंका! सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मुंबई में हाई अलर्ट

Eid-ul-Fitr 2025: ईद के दौरान दंगे और धमाकों की आशंका वाली एक सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है। सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज कर दी गई है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और इस पोस्ट की जांच कर रही है, ताकि शहर में शांति बनी रहे

अपडेटेड Mar 29, 2025 पर 12:05 PM
Story continues below Advertisement
Eid-ul-Fitr 2025: मुंबई पुलिस के साइबर सेल ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

मुंबई में ईद से पहले सुरक्षा अलर्ट जारी हो चुका है। 27 मार्च को एक चौंकाने वाला सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि कुछ घुसपैठिए दंगे और बम धमाकों की साजिश रच सकते हैं। इस पोस्ट ने शहरभर में सनसनी फैला दी और मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज कर दी, खासकर डोंगरी जैसे इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई। साइबर सेल ने भी पोस्ट की जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वाले शख्स की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

ईद के मद्देनजर क्राइम ब्रांच, एटीएस और विशेष शाखा भी हाई अलर्ट पर हैं। हालांकि, अब तक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

मुंबई पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा


नवी मुंबई पुलिस को जैसे ही ये चौंकाने वाला अलर्ट मिला, उन्होंने तुरंत मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को सतर्क किया। इसके बाद डोंगरी और अन्य संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई। हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

साइबर सेल एक्टिव

मुंबई पुलिस के साइबर सेल ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। उन्नत तकनीकी माध्यमों से ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पोस्ट करने वाला कौन था और उसके पीछे क्या मंशा थी। अब तक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

पुलिस की अपील

मुंबई पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे या कोई अहम जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन; 16 नक्सली ढेर, दो जवान घायल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।