Mumbai Viral News: राज ठाकरे की पार्टी के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी, मराठी नहीं बोलने पर के D-Mart कर्मचारी को मारा थप्पड़

Mumbai Viral News: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में स्टोर कर्मचारी को एक ग्राहक से यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मैं मराठी में नहीं बोलूंगा, मैं केवल हिंदी में बोलूंगा। तुम्हें जो करना है कर लो।" जब MNS को कर्मचारी की टिप्पणियों के बारे में पता चला, तो पार्टी की वर्सोवा यूनिट के अध्यक्ष संदेश देसाई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक ग्रुप स्टोर पर पहुंचा और कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया

अपडेटेड Mar 26, 2025 पर 2:42 PM
Mumbai Viral News: मुंबई के अंधेरी मे एक बार फिर मराठी नहीं बोलने को लेकर विवाद हो गया है

Mumbai Viral News: मुंबई के वर्सोवा में डी-मार्ट के एक कर्मचारी पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कार्यकर्ताओं ने हमला बोल दिया, क्योंकि उसने मराठी में बात करने से इनकार कर दिया था। 25 मार्च को हुई इस घटना ने मराठी को लेकर एक नए विवाद को जन्म दे दिया है। राज ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी MNS कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मराठी में बात न करने पर मुंबई के प्रमुख सुपरमार्केट स्टोर के कर्मचारी को थप्पड़ मारा। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार (25 मार्च) को अंधेरी (पश्चिम) के वर्सोवा में डी-मार्ट स्टोर में हुई।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में स्टोर कर्मचारी को एक ग्राहक से यह कहते हुए सुना जा सकता है, "मैं मराठी में नहीं बोलूंगा, मैं केवल हिंदी में बोलूंगा। तुम्हें जो करना है कर लो।" जब MNS को कर्मचारी की टिप्पणियों के बारे में पता चला, तो पार्टी की वर्सोवा यूनिट के अध्यक्ष संदेश देसाई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक समूह स्टोर पर पहुंचा और कर्मचारी को कथित तौर पर थप्पड़ मारा।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। झड़प के दौरान कथित तौर पर MNS कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी को थप्पड़ मारा। घटना का एक फुटेज वायरल हो गया है, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं को कर्मचारी से भिड़ते हुए और यह पूछते हुए दिखाया गया है कि वह मुंबई कब आया था।


उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर वह अपनी नौकरी रखना चाहता है तो उसे मराठी सीखनी होगी। झड़प के बाद कर्मचारी ने कथित तौर पर अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी। अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि स्टोर कर्मचारी ने बाद में अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी।

इसी तरह की एक घटना में पिछले दिनों MNS कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मुलुंड में एक फास्ट-फूड स्टॉल कर्मचारी पर मराठी भाषी परिवार के साथ विवाद के बाद हमला किया था। विवाद तब शुरू हुआ जब एक स्टॉल कर्मचारी ने मानसी मेगा नामक एक महिला और उसकी मां का कथित तौर पर अपमान किया, जो बैंक से संबंधित मामलों के लिए मुलुंड आई हुई थीं। जब मानसी ने कर्मचारी के व्यवहार पर सवाल उठाया, तो वह कथित तौर पर आक्रामक हो गया और उसकी मां को धक्का देकर एक तरफ धकेल दिया।

मानसी और उसकी मां ने MNS जनसंपर्क कार्यालय से सहायता मांगी। इसके कुछ ही समय बाद राज ठाकरे की पार्टी के सदस्यों ने स्टॉल कर्मचारी पर हमला बोल दिया। उन्होंने उसका कॉलर पकड़ा, उसे थप्पड़ मारे और फिर उसे घसीटकर बाहर निकाला। बीच-बचाव करने की कोशिश करने वाले एक अन्य कर्मचारी पर भी हमला किया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।