उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए। आमतौर पर सांप के डंसने की खबरें अक्सर सामने आती हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। एक महिला ने दावा किया है कि उसे जीवन में 21वीं बार सांप ने काटा है। यह बात तब चर्चा में आई जब इलाज के दौरान उसने डॉक्टरों को अपनी पूरी कहानी बताई। महिला का दावा सुनकर अस्पताल में मौजूद लोग भी चौंक गए। परिजनों के मुताबिक, पिछले कई सालों से उसके साथ बार-बार ऐसी घटनाएं होती रही हैं। अब यह अनोखा मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग हैरानी के साथ इस कहानी को सुन रहे हैं।
नाग-नागिन के जोड़े ने किया हमला
प्रतापगढ़ के नवाबगंज क्षेत्र के जुगई का पुरवा गांव की रहने वाली सूरजकली रविवार सुबह बकरियों को देखने खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान अचानक एक नाग-नागिन का जोड़ा सामने आ गया और दोनों ने उनके पैरों के अंगूठों पर डंस लिया। महिला के मुताबिक, हमले के दौरान उन्होंने साहस दिखाते हुए एक सांप को लाठी से मारने की भी कोशिश की।
अस्पताल पहुंचते ही खुला चौंकाने वाला राज
सांप के डंसने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए पहले भवानीगंज और फिर सलोन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान जब डॉक्टरों ने महिला से बातचीत की, तब उन्होंने बताया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि वह पहले भी कई बार सांप का शिकार हो चुकी हैं।
बेटे ने बताई हैरान करने वाली गिनती
लोकल 18 के रिपोर्ट के मुताबिक महिला के बेटे रामविशाल ने बताया कि उनकी मां को इससे पहले 20 बार सांप डंस चुके हैं। इस बार 21वीं घटना हुई है। बेटे का दावा है कि पिछले कई सालों से अलग-अलग मौकों पर सांप उन्हें निशाना बनाते रहे हैं। यह सुनकर अस्पताल में मौजूद लोग भी हैरानी से एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे।
6 साल पहले शुरू हुई थी यह अजीब कहानी
परिजनों के अनुसार, सूरजकली को पहली बार करीब 6 साल पहले सांप ने डंसा था। इसके बाद समय-समय पर ऐसी घटनाएं होती रहीं। महिला का कहना है कि तीन बार तो सांप जोड़े में आए और उन्होंने एक साथ हमला किया।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. वैभव शुक्ल ने बताया कि महिला को सांप ने डंसा था और अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
गांव से अस्पताल तक चर्चा का विषय बनी घटना
एक ही महिला को 21 बार सांप द्वारा डंसने का दावा लोगों के बीच कौतूहल और चर्चा का विषय बन गया है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की बातें हो रही हैं, जबकि डॉक्टर फिलहाल महिला के इलाज और स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।