कराची के इस एडम गिलक्रिस्ट के इंटरनेट पर चर्चे, सुर्खियां बंटोर रहे पाकिस्तान के इस यंग क्रिकेटर की असल कहानी ये

पाकिस्तान के कराची में 17 साल के एक युवा क्रिकेटर ने अपने नाम और शानदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया है। उसका नाम एडम गिलक्रिस्ट है, जिसे सुनकर ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज की याद आती है। स्कूल टूर्नामेंट में शतक जड़ने के बाद यह पाकिस्तानी खिलाड़ी सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

अपडेटेड Oct 12, 2026 पर 2:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस युवा क्रिकेटर के नाम के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है।

क्रिकेट की दुनिया में नाम कभी-कभी किसी खिलाड़ी की पहचान बनने से पहले ही चर्चा का विषय बन जाता है। पाकिस्तान के कराची में रहने वाले 17 साल के एक युवा क्रिकेटर के साथ भी ऐसा ही हुआ है। उसका नाम एडम गिलक्रिस्ट है, जिसे सुनते ही ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज की याद आ जाती है। लेकिन यह ऑस्ट्रेलियाई स्टार नहीं, बल्कि पाकिस्तान का उभरता हुआ खिलाड़ी है, जिसने स्कूल क्रिकेट में शानदार शतक लगाकर सबका ध्यान खींच लिया है। दिलचस्प बात यह है कि नाम के अलावा भी इस युवा खिलाड़ी में गिलक्रिस्ट जैसी कई खूबियां हैं।

108 गेंदों में 117 रन, शतक से मचाया धमाल

पाकिस्तान के इस युवा बल्लेबाज ने PCB के अंडर-17 स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में कमाल की पारी खेली। कराची के जिन्ना कॉलेज में खेले गए मुकाबले में कामरान पब्लिक स्कूल की ओर से उतरे एडम गिलक्रिस्ट ने हैप्पी पैलेस ग्रामर स्कूल के खिलाफ 108 गेंदों पर 117 रन बनाए।


उनकी पारी में 11 चौके शामिल रहे और वह करीब 145 मिनट तक क्रीज पर डटे रहे। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत कामरान पब्लिक स्कूल ने 40 ओवर में 4 विकेट पर 297 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में विरोधी टीम मुकाबला 172 रन से हार गई।

एडम ने अपनी टीम के कुल स्कोर में करीब 39.4 प्रतिशत योगदान दिया। महज 17 साल की उम्र में इस प्रदर्शन ने उन्हें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया है।

मां ने रखा एडम नाम, पिता ने जोड़ा गिलक्रिस्ट

इस युवा क्रिकेटर के नाम के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जन्म के बाद उसकी मां ने उसका नाम एडम रखा था। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के प्रशंसक उसके पिता ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी एडम गिलक्रिस्ट के सम्मान में उसके नाम के साथ गिलक्रिस्ट जोड़ दिया।

यही वजह है कि जब भी इस पाकिस्तानी खिलाड़ी का नाम सामने आता है, क्रिकेट फैंस को ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी की याद आ जाती है।

नाम गिलक्रिस्ट का, लेकिन फेवरेट खिलाड़ी कोई और

दिलचस्प बात यह है कि नाम ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के नाम पर होने के बावजूद युवा एडम के पसंदीदा क्रिकेटर श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा हैं। अपनी शानदार पारी के बाद बातचीत में उसने कहा कि वह संगकारा जैसा बनना चाहता है।

एडम बाएं हाथ से बल्लेबाजी करता है, विकेटकीपिंग भी करता है और अपनी टीम के लिए ओपनिंग करता है। ये खूबियां उसे अपने नाम वाले ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज की याद दिलाती हैं।

PCB के टैलेंट हंट टूर्नामेंट से मिल रहा मौका

यह मुकाबला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के स्कूल स्तर के टैलेंट हंट कार्यक्रम का हिस्सा था। इस टूर्नामेंट का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर देना है। प्रतियोगिता 15 सितंबर से शुरू हुई है और 5 दिसंबर तक चलेगी।

Video: फ्लाइट में MS Dhoni से मिली IndiGo की एयर होस्टेस, माही ने दी ऐसी सलाह कि वीडियो हो गया वायरल

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।