टैक्स फ्री सैलरी, हाउस रेंट... पायलट निकिता ने Etihad एयरवेज में काम करने के ऐसे 7 फायदे गिनाए कि मन ललचा जाए

निकिता तोमर Etihad एयरलाइन में सीनियर फर्स्ट ऑफिसर के पद पर काम करती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है कि यही वजह है कि यूएई में काम करने वाले पायलट कभी यहां से जाना नहीं चाहते।

अपडेटेड Jun 12, 2026 पर 11:31 AM
एई में एतिहाद एयरवेज के लिए उड़ान भरने से जुड़ी हर वह बात जो आपको जाननी चाहिए, यहां बताई गई है।

ग्लोबल एयरलाइंस कंपनियों में पायलट की जिंदगी कैसी होती है और कॉकपिट के पीछे उनकी लाइफस्टाइल कैसी होती है, अक्सर लोग ये बातें जानना चाहते हैं। ऐसे में कोई अपना फर्स्ट हैंड एक्सपीरियंस शेयर कर दे, तो फिर पूछना ही क्या। ऐसा ही कुछ किया है एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways) में काम करने वाली एक भारतीय महिला पायलट निकिता तोमर ने। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में विमान उड़ाने और इस एयरलाइन से मिलने वाले शानदार फायदों को लेकर एक बेहद दिलचस्प जानकारी शेयर की है।

निकिता तोमर इस एयरलाइन में सीनियर फर्स्ट ऑफिसर के पद पर काम करती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है कि यही वजह है कि यूएई में काम करने वाले पायलट कभी यहां से जाना नहीं चाहते। यूएई में एतिहाद एयरवेज के लिए उड़ान भरने से जुड़ी हर वह बात जो आपको जाननी चाहिए, यहां बताई गई है।

महिला पायलट निकिता तोमर ने गिनाए ये 7 बड़े फायदे


निकिता तोमर ने अपने वीडियो में बताया कि यूएई में एतिहाद एयरवेज के साथ उड़ान भरने के ऐसे कई पर्क्स हैं जिनके बारे में आमतौर पर कोई बात नहीं करता। निकिता ने मेनली इन 7 फायदों का जिक्र किया है-

1. पूरी तरह टैक्स-फ्री सैलरी: निकिता के मुताबिक, एतिहाद एयरवेज द्वारा मिलने वाला वेतन पूरी तरह से टैक्स-फ्री होता है। आप जो भी एक-एक दिरहम कमाते हैं वह सीधे आपकी जेब में जाता है।

2. अनलिमिटेड बिजनेस क्लास ट्रैवल: निकिता के मुताबिक कंपनी पायलट, उनके परिवार और यहां तक कि उनके दोस्तों के लिए भी अनलिमिटेड बिजनेस क्लास हवाई यात्रा की सुविधा देती है। आप अपने माता-पिता और प्रियजनों को कभी भी दुनिया में कहीं भी बिजनेस क्लास में घुमा सकते हैं।

3. आलीशान ले-ओवर: इंटरनेशनल फ्लाइट्स के दौरान टोक्यो, स्पेन, पेरिस और न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहरों में रुकने का मौका मिलता है। वहां कंपनी की तरफ से आलीशान होटलों में रुकने की व्यवस्था की जाती है और शहरों को करीब से देखने-घूमने का पूरा समय मिलता है।

4. घर का किराया देती है एयरलाइन: निकिता ने बताया कि एयरलाइन खुद पायलटों के रहने का खर्च उठाती है। या तो कंपनी की तरफ से रहने के लिए घर दिया जाता है या फिर अबू धाबी में रहने के लिए एक शानदार हाउसिंग अलाउंस दिया जाता है।

5. मेडिकल और बच्चों की पढ़ाई का खर्च: कंपनी की ओर से पायलट और उनके पूरे परिवार के लिए कंप्लीट मेडिकल इंश्योरेंस दिया जाता है। इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई के लिए भी एजुकेशन अलाउंस मिलता है।

6. काम काम शानदार ग्लोबल माहौल: एतिहाद में काम करते हुए आपको 120 से अधिक देशों के क्रू के साथ उड़ान भरने का अवसर मिलता है। हर उड़ान में आपको एक अलग संस्कृति, देश और जीवन जीने के तौर-तरीकों के बारे में कुछ नया सीखने को मिलता है।

7. सुरक्षित शहर अबू धाबी: निकिता के मुताबिक कंपनी में काम करने का एक सबसे बेहतरीन हिस्सा अबू धाबी में रहना भी है। अबू धाबी की गिनती दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में होती है। यहां साल भर धूप खिली रहती है और यहां का कल्चर ऐसा है कि आप चाहे दुनिया के किसी भी कोने से हों, यह आपको अपने घर जैसा ही अहसास कराती है। निकिता कहती हैं कि एतिहाद के लिए उड़ान भरना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक शानदार लाइफस्टाइल है।

कितनी होती है एतिहाद के पायलटों की कमाई?

एतिहाद एयरवेज में पायलटों का वेतन उनके पद (Rank), अनुभव, एयरक्राफ्ट टाइप और फ्लाइंग आवर्स के आधार पर अलग-अलग होता है। उनके कुल पैकेज में मूल वेतन, फ्लाइंग अलाउंस, हाउसिंग सपोर्ट के साथ-साथ ले-ओवर और मील अलाउंस जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी शामिल होती हैं। एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक फर्स्ट ऑफिसर्स सालाना 513732 दिरहम (AED) तक कमा सकते हैं, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1.3 करोड़ रुपये होता है। कैप्टन्स सालाना 674029 दिरहम (AED) तक कमा सकते हैं, जो भारतीय रुपये में करीब 1.7 करोड़ रुपये बैठता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

निकिता तोमर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि यह सचमुच सपनों की नौकरी जैसी लगती है। दूसरे यूजर ने लिखा कि बहन हमारी सपनों की जिंदगी जी रही है। एक और यूजर ने उनकी तारीफ करते हुए लिखा कि बहुत बढ़िया, कड़ी मेहनत का फल हमेशा मिलता है, आपका करियर शानदार रहे और आप ऐसे ही उड़ान भरती रहें।

Disclaimer: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूजर की ओर से शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल स्वतंत्र रूप से इन दावों की पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।