बिहार की राजधानी पटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पटना में रात के समय बाइक से जा रहे एक युवक को पुलिस ने अचानक रोक लिया। पुलिस के अचानक रोकने पर युवक घबरा गया। आमतौर पर पुलिस ट्रैफिक नियम तोड़ने या दस्तावेजों की जांच के लिए किसी वाहन को रोकती है, लेकिन इस मामले में वजह कुछ अलग थी। पुलिस ने युवक को उसकी जैकेट में छिपे एक छोटे से पिल्ले की वजह से उसे रुकवाया। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
X पर शेयर किए गए एक वीडियो में एक युवक रात के समय बाइक चलाता नजर आया। उसने अपनी जैकेट के अंदर एक छोटे पपी को सेफ रखा हुआ था। सड़क लगभग खाली थी और दोनों बाइक से घूम रहे थे। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने का इशारा किया। युवक को पहले लगा कि शायद पुलिस सामान्य ट्रैफिक जांच के लिए उसे रोक रही है। लेकिन पुलिस ने युवक को किसी नियम के उल्लंघन के लिए नहीं रोका था। पुलिसवालों की नजर उसकी जैकेट के अंदर बैठे छोटे पपी पर पड़ी थी।
एक पुलिसकर्मी ने प्यार से पपी को बाहर निकालकर सहलाया। शुरुआत में पपी थोड़ा घबराया हुआ था, लेकिन कुछ देर बाद वह सहज हो गया। पुलिसकर्मी ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए उसका हाल भी पूछा। पुलिसवाले ने पूछा, "ठीक है, अच्छे से हो ना?" वहां मौजूद दूसरे लोग राइडर और उसके पपी को देखकर मुस्कुराते नजर आए, जब पुलिसकर्मी उसे प्यार कर रहा था। इसके बाद पुलिसवालों ने युवक को जाने दिया और वह पपी को जैकेट के अंदर आराम से बैठाकर वहां से चला गया।
सोशल मीडिया ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही यूजर्स का ध्यान इस पर गया और लोगों ने इस खूबसूरत पल की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने लिखा, “भाई सड़क पर सबसे प्यारे पैसेंजर को ले जा रहा था!” दूसरे यूजर ने लिखा, “उसने कितने प्यारे तरीके से पूछा, ‘ठीक है, अच्छे से होना।’” एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा, “दिन का सबसे अच्छा ट्रैफिक स्टॉप। चालान के बजाय छोटे पैसेंजर के सिर पर प्यार से हाथ फेरा गया। कभी-कभी दयालुता का एक छोटा सा काम हर किसी का दिन बेहतर बना देता है।” वहीं, एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “सबसे प्यारे छोटे को-राइडर ने एक सामान्य ट्रैफिक स्टॉप को यादगार पल में बदल दिया।”