राजस्थान के रणथंभौर में बाघ दिखना अपने आप में किसी लॉटरी लगने जैसा माना जाता है। पर्यटक घंटों जंगल की पगडंडियों पर घूमते हैं, झाड़ियों के बीच नजरें गड़ाए रहते हैं और कैमरा तैयार रखते हैं कि कब अचानक जंगल का राजा सामने आ जाए। लेकिन इस बार पर्यटकों को बाघ की तलाश नहीं करनी पड़ी। बाघ खुद ऐसी जगह आकर लेट गया कि दर्जनों सफारी गाड़ियों को वहीं रुकना पड़ा। जंगल की सड़क पर आराम फरमा रहे बाघ ने ऐसा 'ट्रैफिक जाम' लगाया कि करीब 30 सफारी जिप्सियां उसके उठने का इंतजार करती रहीं। खास बात ये थी कि बाघ को न गाड़ियों की कतार से कोई परेशानी थी और न पर्यटकों की मौजूदगी से।
वो सड़क पर बिल्कुल बेफिक्र होकर आराम करता रहा। दूसरी तरफ गाड़ियों में बैठे लोग इस अनोखे नजारे को कैमरों में कैद करने में जुटे रहे। यानी इस बार सफारी में पर्यटक बाघ देखने नहीं, बल्कि बाघ के उठने का इंतजार करने पहुंचे थे।
सड़क को ही बना लिया आरामगाह
रणथंभौर के जंगल में एक बाघ ने सफारी ट्रैक को अपना आराम करने का ठिकाना बना लिया। करीब 200 किलो वजन का यह जंगल का राजा सड़क के बीचों-बीच आराम से लेट गया। उसके आसपास एक-दो नहीं, बल्कि करीब 30 सफारी जिप्सियां खड़ी हो गईं। वाहनों में बैठे पर्यटक भी समझ गए कि इस वक्त हॉर्न बजाने या जल्दबाजी दिखाने का कोई मतलब नहीं। सबकी निगाहें उस बाघ पर टिक गईं और कैमरे रिकॉर्डिंग मोड में आ गए।
30 जिप्सियां खड़ी रहीं, साहब को नींद आती रही
इस अनोखे नजारे को एलेना नाम की एक पर्यटक ने कैमरे में कैद किया और बाद में इंस्टाग्राम पर शेयर किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि बाघ सड़क पर बेफिक्र होकर पड़ा है, जबकि पीछे सफारी गाड़ियों की लंबी कतार लगी है। एलेना ने इस दृश्य को मजेदार अंदाज में 'ट्रैफिक जाम, लेकिन टाइगर वाला' बताया। जंगल में मौजूद लोगों के लिए ये किसी आम ट्रैफिक जाम से बिल्कुल अलग अनुभव था यहां रास्ता किसी इंसान ने नहीं, बल्कि जंगल के सबसे ताकतवर जानवर ने रोक रखा था।
घर की बिल्ली जैसा किया स्ट्रेच
काफी देर आराम करने के बाद आखिरकार बाघ की नींद खुली। उसने पहले धीरे-धीरे शरीर उठाया और फिर लंबी अंगड़ाई ली। उसका यह अंदाज देखकर एलेना को अपनी पालतू बिल्ली की याद आ गई। इसके बाद बाघ बिना किसी जल्दबाजी के सड़क से उठा और जंगल की ओर बढ़ गया। उसके हटते ही सफारी वाहनों को आगे बढ़ने का रास्ता मिल गया।
चार सफारी में दिखे तीन बाघ
एलेना के मुताबिक, यह उनकी रणथंभौर यात्रा का तीसरा बाघ था। उन्होंने चार सफारी के दौरान तीन बाघ देखने की बात कही। हालांकि, बाकी दर्शन की तुलना में सड़क के बीचों-बीच आराम फरमाते इस बाघ की मुलाकात उनके लिए सबसे यादगार बन गई। उन्होंने इसे जिंदगी में एक बार होने वाला अनुभव बताया। उनका कहना था कि सफारी पर जाना हमेशा बाघ दिखने की गारंटी नहीं देता। ऐसे में जब जंगल का बाघ खुद आपके सामने आकर रास्ता रोक दे, तो वह नजारा किसी रोमांचक सरप्राइज से कम नहीं।
सोशल मीडिया पर छा गया 'टाइगर ट्रैफिक जाम'
एलेना द्वारा शेयर किया गया वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसे 6.25 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। लोगों को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि इतने वाहनों की मौजूदगी के बावजूद बाघ कितनी बेफिक्री से सड़क पर आराम करता रहा। किसी ने उसके व्यवहार की तुलना घर की बिल्ली से की, तो किसी ने इसे जंगल की असली जिंदगी की झलक बताया।