अमेरिका के हेल्थ एंड ह्यूमन सर्विसेज सेक्रेटरी रॉबर्ट एफ कैनेडी एक बार फिर अपने अनोखे और साहसिक अंदाज की वजह से सोशल मीडिया पर छा गए हैं। इस बार मामला किसी भाषण या बयान का नहीं, बल्कि फ्लोरिडा के एक बीच का है, जहां का माहौल अचानक उस वक्त रोमांचक और हैरान करने वाला बन गया जब वे बिना जूते पहने टहलते हुए नजर आए। तभी जमीन पर रेंगते हुए दो जिंदा सांप दिखे और अगले ही पल जो हुआ उसने सभी को चौंका दिया। केनेडी ने बिना किसी डर या झिझक के दोनों सांपों को हाथों से पकड़ लिया।
वहां मौजूद लोगों के लिए ये नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। कुछ ही सेकंड में ये वीडियो सोशल मीडिया पर फैल गया और लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने इसे साहस बताया तो किसी ने इसे खतरनाक लापरवाही करार दिया।
नंगे पैर पहुंचे और सीधे पकड़ लिया सांप
वायरल वीडियो में कैनेडी बिना जूते पहने एक बीच हाउस के बाहर दिखाई देते हैं। तभी जमीन पर तेजी से रेंग रहे दो लंबे काले सांप उनकी नजर में आते हैं। अगले ही पल वो बिना डरे दोनों सांपों की पूंछ पकड़ लेते हैं और उन्हें हवा में उठा लेते हैं।
सांप उनके हाथों में बुरी तरह मचलते और लिपटते नजर आते हैं, लेकिन केनेडी के चेहरे पर डर की जगह मुस्कान दिखाई देती है। यही बेफिक्र अंदाज अब इंटरनेट पर चर्चा का सबसे बड़ा कारण बन गया है।
वीडियो का सबसे चौंकाने वाला पल तब आया जब एक सांप अचानक पलटकर उनके हाथ पर काटता हुआ नजर आया। पीछे खड़े शख्स ने पूछा, “क्या सांप काट रहे हैं?” इस पर केनेडी ने बिल्कुल शांत अंदाज में जवाब दिया, “हां”, और फिर कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराने लगे। यह सीन देखकर कई लोग हैरान रह गए, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे किसी हॉलीवुड फिल्म जैसा बताया।
डॉ ओज के बीच हाउस के बाहर शूट हुआ वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वीडियो मशहूर टीवी डॉक्टर और CMS एडमिनिस्ट्रेटर Mehmet Oz यानी डॉ ओज के फ्लोरिडा बीच हाउस के बाहर रिकॉर्ड किया गया। करीब 49 सेकेंड की इस क्लिप ने सोशल मीडिया पर तूफान खड़ा कर दिया है।
आखिर कौन थे ये काले सांप?
रिपोर्ट्स के मुताबिक वीडियो में दिख रहे सांप “सदर्न ब्लैक रेसर” प्रजाति के थे। ये सांप खासतौर पर फ्लोरिडा और अमेरिका के दक्षिणी इलाकों में पाए जाते हैं। इनकी पहचान चमकदार काले रंग और बिजली जैसी तेज रफ्तार से होती है।
जहरीले नहीं, लेकिन मूड बिगड़ा तो काट सकते हैं
ब्लैक रेसर सांप जहरीले नहीं माने जाते, लेकिन अगर उन्हें खतरा महसूस हो जाए तो ये काफी आक्रामक हो जाते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बिना ट्रेनिंग के किसी भी जंगली सांप को पकड़ना खतरनाक साबित हो सकता है।
पहले भी अजीब हरकतों से बटोर चुके हैं सुर्खियां
रॉबर्ट एफ. कैनेडी जूनियर का नाम इससे पहले भी कई अजीब घटनाओं से जुड़ चुका है। हाल ही में उनकी बायोग्राफी में दावा किया गया था कि उन्होंने कभी सड़क किनारे पड़े एक मरे हुए रैकून का शरीर स्टडी” करने के लिए अपनी कार में रख लिया था। इस खुलासे ने भी इंटरनेट पर काफी बहस छेड़ दी थी।
वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट दो हिस्सों में बंट गया। कुछ लोग कैनेडी की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं, तो कई यूजर्स उन्हें ‘बहुत बड़ा रिस्क लेने वाला नेता’ बता रहे हैं। वहीं कुछ लोगों ने मजाक में लिखा, “अब हेल्थ सेक्रेटरी नहीं, स्नेक सेक्रेटरी बोलो!”