पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश ने वहां लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में अब भी पानी भरा हुआ है। कोलकाता में बीते दिन सात घंटों में 250 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। शहर के ज्यादातर इलाके जलमग्न हो गए है। वहीं बारिश ने दुर्गा पूजा की तैयारियों पर भी असर डाला है। इसी बीच, दक्षिण कोलकाता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में दक्षिण कोलकाता में सड़क पर पानी में फंसी रोल्स-रॉयस कार कार नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया कि 10 करोड़ से ज्यादा कीमत वाली रोल्स-रॉयस घोस्ट पानी में फंसी हुई है, जबकि साथ चल रही एक टाटा कार बिना किसी दिक्कत के जलभराव वाली सड़कों पर आगे बढ़ रही है। वीडियो में ड्राइवर मजाकिया अंदाज में कहता है कि उसकी 10 लाख की टाटा कार, महंगी लग्जरी गाड़ी से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन कर रही है। वहीं इस वीडियो पर यूजर्स कई कमेंट कर रहे हैं।
इस वायरल हो रही वीडियो पर कुछ इंस्टाग्राम यूजर्स ने कहा कि, रोल्स-रॉयस जैसी लग्जरी कारें पानी से भरी सड़कों पर चलाने के लिए नहीं बनी होतीं। वहीं कई लोगों ने कोलकाता की ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सड़कों पर कार चलाना ही मुश्किल है तो लग्जरी गाड़ियों के मालिकों से इतना ज्यादा टैक्स क्यों वसूला जाता है। दूसरी ओर कुछ यूजर्स का मानना था कि शहर की जल निकासी व्यवस्था ठीक है, लेकिन कुछ ही घंटों में 250 मिमी से ज्यादा बारिश होना किसी भी सिस्टम के लिए चुनौती बन जाता है।
अधिकारियों के मुताबिक, दुर्गा पूजा से पहले हुई तेज बारिश से शहर और आसपास के इलाकों में हालात बिगड़ गए। इस भारी बारिश में कम से कम 12 लोगों की जान चली गई, सड़कों पर पानी भर गया और परिवहन घंटों तक ठप रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के कोलकाता क्षेत्रीय प्रमुख एच.आर. बिस्वास ने बताया कि अधिकांश बारिश मंगलवार तड़के हुई और यह 1988 के बाद से शहर में दर्ज की गई सबसे भारी बारिश थी। बारिश से राजधानी की रफ्तार थम गई और दुर्गा पूजा की तैयारियों पर भी बड़ा असर पड़ा। शहर के कई पंडाल, त्योहार के लिए लगाए गए बांस-ढांचे और मिट्टी की मूर्तियां पानी में खराब हो गईं।