Sonam Raghuvanshi News: सोनम रघुवंशी ने अपने पति राजा को तड़पकर मरते हुए देखा, हत्यारों ने मेघालय पुलिस के सामने गुनाह कबूला

Sonam Raghuvanshi News: सोनम रघुवंशी ने बुधवार (11 जून) को अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या में शामिल होने की बात कबूल की। सूत्रों ने सीएनएन-न्यूज18 को बताया कि सोनम ने यह बात विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा पूछताछ के दौरान कबूल की

अपडेटेड Jun 11, 2025 पर 3:28 PM
Story continues below Advertisement
Sonam Raghuvanshi News: राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में सोनम का बड़ा कबूलनामा सामने आया है

Sonam Raghuvanshi News: इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में उनकी पत्नी सोनम समेत सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सोनम और चारों अन्य आरोपियों ने इंदौर और शिलांग पुलिस के अधिकारियों के सामने राजा रघुवंशी की हत्या की बात कबूली है। मेघालय के उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने कहा कि इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में कुछ आरोपियों ने पहले ही अपराध कबूल कर लिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी भी इस हत्याकांड में पूरी तरह से शामिल है। सूत्रों के मुताबिक सोनम ने पति राजा रघुवंशी हत्याकांड में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है।

हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक उपमुख्यमंत्री ने कहा, "सभी आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया है। मेघालय पुलिस की एक एसआईटी यूपी और एमपी दोनों जगहों पर गई थी। उनमें से कुछ ने अपने द्वारा किए गए अपराध को कबूल भी किया है। जिस क्षण हम हत्या के मुख्य संदिग्ध के रूप में सोनम रघुवंशी को पकड़ने में सक्षम हुए। हम सभी को पता चला कि वह मेघालय में रहने के दौरान इस ऑपरेशन में पूरी तरह से शामिल थी।"

सूत्रों ने CNN-न्यूज18 को बताया कि अधिकारी अब सीआरपीसी की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका औपचारिक बयान दर्ज करने की योजना बना रहे हैं। इस बीच, पुलिस उसके कबूलनामे का वीडियो टेप बनाने की भी तैयारी कर रही है, जो आगे चलकर अभियोजन पक्ष के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। राजा रघुवंशी हत्याकांड के अन्य आरोपियों के साथ सोनम रघुवंशी से बुधवार को मेघालय पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने शिलांग के सदर पुलिस स्टेशन में पूछताछ की।


मेघालय पुलिस का कहना है कि राज्य में हनीमून के दौरान इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी 29 वर्षीय राजा रघुवंशी की हत्या में उनकी 25 वर्षीय पत्नी सोनम कथित रूप से शामिल थी जिसने वहां भाड़े के हत्यारे बुलाए थे। मेघालय पुलिस ने हत्याकांड के चार संदिग्धों को मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।

मेघालय पुलिस के इस खुलासे के बाद राजा रघुवंशी के परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई है, जबकि सोनम के पिता ने अपनी बेटी को बेगुनाह बताते हुए हत्याकांड की केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI जांच की मांग की है। मेघालय पुलिस के मुताबिक, राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम ने 8 जून की रात को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सोनम समेत मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सोनम के अलावा गिरफ्तार किया गया पहला व्यक्ति आकाश राजपूत (19) उत्तर प्रदेश के ललितपुर से है। जबकि दूसरा विशाल सिंह चौहान (22) और तीसरा राज सिंह कुशवाहा (21) मध्यप्रदेश के इंदौर से है। राज कथित तौर पर सोनम का प्रेमी है। सोनम रघुवंशी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के सागर जिले से आनंद कुर्मी (23) को गिरफ्तार किया है।

ये भी पढ़ें- Laxman Singh: दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह कांग्रेस से निष्कासित, राहुल गांधी पर टिप्पणी के बाद एक्शन

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने खुलासा किया है कि सोनम ने रघुवंशी की हत्या के लिए उन्हें भाड़े पर बुलाया था। सोनम के पिता की प्लाइवुड फैक्ट्री है। राज कुशवाहा उसी फैक्ट्री में नौकरी करता था। यहीं उसका कॉन्टेक्ट सोनम से हुआ। सोनम अपने पति राजा रघुवंशी को हनीमून ट्रिप के नाम पर शिलांग लेकर गई। पीछे-पीछे राज कुशवाहा और उसके दोस्त पहुंच गए। वहां सबने मिलकर राजा रघुवंशी को मार डाला।

ये भी पढ़ें- Sonam Raghuvanshi News: क्या सोनम रघुवंशी प्रेग्नेंट है? मेडिकल रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।