15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस हर भारतीय के लिए गर्व और देशभक्ति का दिन है। इस दिन स्कूल, कॉलेज, ऑफिस, सोसाइटी और कई जगहों पर तिरंगा फहराया जाता है। ध्वजारोहण के समय सिर्फ झंडा लगाना ही नहीं, बल्कि उसे सही तरीके से बांधना और सम्मान के साथ फहराना भी जरूरी है। इस बार तिरंगा फहराने की तैयारी के लिए झंडे को फोल्ड करने से लेकर रस्सी से बांधने तक का आसान तरीका पहले से समझे।
तिरंगा बांधने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें। झंडा साफ और बिना फटा हुआ होना चाहिए। उसके तीनों रंग सही क्रम में होने चाहिए। सबसे ऊपर केसरिया, बीच में सफेद और नीचे हरा रंग होना चाहिए। सफेद पट्टी के बीच में बना अशोक चक्र भी साफ और सही दिखाई देना चाहिए। तिरंगे को जमीन या किसी गंदी जगह पर रखने से बचें और इसे हमेशा साफ जगह पर ही फैलाएं।
सबसे पहले तिरंगे को किसी साफ और समतल जगह पर पूरी तरह फैला दें। इसके बाद उसे सावधानी से इस तरह फोल्ड करें कि झंडे की पट्टियां सही तरीके से अंदर आ जाएं और वह आसानी से बंध सके। फोल्ड करते समय झंडे को ज्यादा दबाएं या मरोड़ें नहीं। आखिरी फोल्ड ऐसा रखें कि ध्वजारोहण के समय झंडा आसानी से खुल सके और तिरंगा सही तरीके से नजर आए।
तिरंगे को फोल्ड करते समय उसके अंदर ताजे फूलों की पंखुड़ियां रखी जा सकती हैं। इसके लिए गुलाब की पंखुड़ियां या गेंदे की पंखुड़ियां इस्तेमाल की जा सकती हैं। फूल बहुत ज्यादा न रखें, क्योंकि इससे फोल्ड किया हुआ झंडा भारी हो सकता है और बांधने में परेशानी आ सकती है। फूलों को इस तरह रखें कि झंडा खुलने पर वे नीचे गिरें और तिरंगा पूरी तरह खुलकर दिखाई दे।
अब फोल्ड किए हुए तिरंगे को पोल की रस्सी से जोड़ें। झंडे के ऊपर और नीचे लगे डोरी वाले हिस्सों को पोल की रस्सी से अच्छी तरह बांधना जरूरी है। गांठ इतनी मजबूत हो कि झंडा ऊपर ले जाते समय खुले नहीं, लेकिन ध्वजारोहण के समय रस्सी खींचने पर आसानी से खुल जाए। बांधने के बाद एक बार नीचे से रस्सी खींचकर जरूर चेक कर लें कि झंडा सही तरीके से ऊपर जा रहा है और खुल रहा है।
ध्वजारोहण के दौरान कुछ नियमों का पालन करना जरूरी है। तिरंगे को जमीन पर गिरने, गंदा होने या फटने से बचाएं। झंडा फहराते समय उसे किसी दूसरे झंडे से नीचे या कम सम्मान वाली स्थिति में न रखें। तिरंगे का उपयोग मेजपोश, पर्दे, कुशन, कपड़ों या डेकोरेशन के लिए नहीं किया जाना चाहिए। प्रोग्राम के बाद झंडे को सम्मानपूर्वक उतारकर सेफ और साफ जगह पर रखें। साथ ही ध्वजारोहण में रस्सी सावधानी से खींचें, ताकि झंडा आसानी से खुले और उसकी गरिमा बनी रहे।