Viral Video: सड़क किनारे सब्जी बेचने वाला बना AI स्टार, सिर पर हाई-टेक डिवाइस देख लोग रह गए हैरान

Viral Video: बेंगलुरु का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सब्जी बेचने वाले के सिर पर हाई-टेक AI डिवाइस नजर आता है। ये शख्स सामान्य तरीके से सब्जियां बेचता दिखता है, लेकिन दावा है कि वो इसी तकनीक से डेटा कलेक्शन भी करता है, जिससे लोग हैरान हैं

अपडेटेड May 25, 2026 पर 10:20 AM
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।

भारत की टेक राजधानी बेंगलुरु एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा केंद्र बन गया है। इस बार वजह कोई नया स्टार्टअप, रोबोट या टेक लॉन्च नहीं, बल्कि सड़क किनारे सब्जी बेचने वाला एक आम सा दिखने वाला शख्स है। वायरल वीडियो में इस सब्जी विक्रेता के सिर पर एक हाई-टेक AI डिवाइस नजर आता है, जिसमें कैमरा और सेंसर लगे हुए हैं। यही चीज लोगों को सबसे ज्यादा हैरान कर रही है। दावा किया जा रहा है कि यह शख्स सिर्फ सब्जी बेचने का काम नहीं कर रहा, बल्कि इसी डिवाइस की मदद से AI कंपनियों के लिए डेटा कलेक्शन भी कर रहा है।

हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वीडियो ने इंटरनेट पर टेक्नोलॉजी और भविष्य को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है और लोग इसे “फ्यूचर की झलक” कहने लगे हैं।

सिर पर कैमरा, हाथ में तराजू और चर्चा पूरे इंटरनेट पर


वायरल वीडियो में सब्जी विक्रेता बिल्कुल आम तरीके से ग्राहकों से बात करता और सब्जियां बेचता नजर आता है। लेकिन उसके सिर पर लगा स्मार्ट हेडसेट सबका ध्यान खींच लेता है। इस डिवाइस में कैमरा और कई सेंसर लगे दिखाई देते हैं, जो आसपास की गतिविधियों को रिकॉर्ड करते नजर आते हैं।

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह शख्स सब्जी बेचने के साथ-साथ AI कंपनियों के लिए डेटा कलेक्शन का काम भी कर रहा है। कहा जा रहा है कि इस काम से वह हर महीने करीब 1 लाख रुपये तक कमा रहा है। हालांकि, इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

क्या इंसानों की बातचीत से ट्रेन हो रहे हैं AI मॉडल?

वीडियो को लेकर इंटरनेट पर सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की हो रही है कि आखिर यह डिवाइस करता क्या है। दावा है कि यह उपकरण लोगों की बातचीत, हाव-भाव और रोजमर्रा की गतिविधियों से जुड़ा डेटा रिकॉर्ड करता है। बाद में इसी डेटा का इस्तेमाल AI मॉडल को ज्यादा स्मार्ट और एडवांस बनाने के लिए किया जाता है।

यानी भविष्य में जो AI तकनीकें इंसानों की तरह समझने और जवाब देने में सक्षम होंगी, उनकी ट्रेनिंग शायद ऐसे ही रियल लाइफ डेटा से हो रही है।

इंटरनेट पर छिड़ी बहस

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कुछ यूजर्स ने इसे भविष्य की झलक बताया, तो कुछ लोगों ने इसे थोड़ा डरावना करार दिया।

एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'बेंगलुरु में अब टमाटर खरीदते-खरीदते AI मॉडल भी ट्रेन हो जाते हैं।' वहीं दूसरे यूजर ने कहा, 'यह किसी साइबरपंक फिल्म का सीन लग रहा है।'

टेक्नोलॉजी अब आम जिंदगी का हिस्सा?

ये वायरल वीडियो एक बार फिर दिखाता है कि टेक्नोलॉजी कितनी तेजी से आम जिंदगी में घुलती जा रही है। जहां पहले AI सिर्फ ऑफिस और लैब तक सीमित था, वहीं अब इसकी मौजूदगी सड़क, बाजार और रोजमर्रा की जिंदगी में भी नजर आने लगी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।