अचानक नहीं फटता AC! आग लगने के पहले मिलते हैं ये संकेत, गलती से भी न करें अनदेखा

गर्मी बढ़ने के साथ लोग घर को ठंडा रखने के लिए एसी का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। लंबे समय तक एसी के उपयोग करने से तकनीकी खराबी और आग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है। वहीं कुछ आसान सुरक्षा उपाय अपनाकर एसी का सुरक्षित इस्तेमाल किया जा सकता है। जानें इसके बारे में

अपडेटेड Jun 13, 2026 पर 6:26 PM
गर्मी बढ़ने के साथ लोग घर को ठंडा रखने के लिए एसी का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं (Photo: Canva)

देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। भीषण गर्मी की वजह से एयर कंडीशनर का इस्तेमाल भी काफी बढ़ गया है। वहीं लगातार और लंबे समय तक एसी चलने से उसमें तकनीकी खराबी या आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। वहीं हाल ही में आग लगी घटनाओं को देखते हुए एक्सपर्ट एसी के सेफ उपयोग करने की सलाह दे रहे हैं। वहीं गर्मियों के दौरान एसी से जुड़ी कुछ आसान सुरक्षा उपाय अपनाकर एसी से होने वाले हादसों और नुकसान से काफी हद तक बचा जा सकता है। जानें कैसे करें एयर कंडीशनर का इस्तेमाल

एसी पर पड़ता है दबाव

गर्मी बढ़ने के साथ लोग घर को ठंडा रखने के लिए एसी का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन लगातार कई घंटों तक एसी चलाने से मशीन पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, जिससे ओवरहीटिंग, बिजली संबंधी समस्याएं और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए गर्मियों में एसी का इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतना जरूरी है। सही तरीके से देखभाल करने और समय-समय पर जांच कराने से एसी बेहतर काम करता है और किसी भी तरह के हादसे की संभावना कम हो जाती है।


एसी चलाते समय इन बातों का रखें ध्यान

बिजली के तार की नियमित जांच करें: एसी से जुड़े कई हादसे खराब या ढीले इलेक्ट्रिकल कनेक्शन की वजह से होते हैं। इसलिए समय-समय पर प्लग, वायर और अन्य बिजली कनेक्शनों की स्थिति की जांच करना जरूरी है। अगर तारों में कटाव, जलने के निशान या किसी तरह की खराबी दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्प्लिट एसी की वायरिंग और इंस्टॉलेशन की भी रेगुलर जांच करानी चाहिए। किसी भी समस्या की स्थिति में केवल प्रशिक्षित तकनीशियन से ही मरम्मत करवाएं और क्वालिटी वाले पार्ट्स का उपयोग करें।

एसी की नियमित सर्विस कराएं: एयर कंडीशनर को बेहतर और सेफ तरीके से चलाने के लिए उसकी समय-समय पर देखभाल जरूरी है। फिल्टर की सफाई और सामान्य जांच घर पर की जा सकती है, लेकिन पूरी सर्विस हमेशा किसी योग्य तकनीशियन से करानी चाहिए। एक्सपर्ट के मुताबिक, एसी की कम से कम छह महीने में एक बार सर्विस जरूर करानी चाहिए। यदि आपका एसी कई साल पुराना है और लगातार इस्तेमाल हो रहा है, तो उसकी नियमित जांच और भी ज्यादा जरूरी हो जाती है, ताकि किसी खराबी या दुर्घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।

वोल्टेज उतार-चढ़ाव से बचाव करें: जिन इलाकों में बिजली का वोल्टेज अक्सर ऊपर-नीचे होता रहता है, वहां एसी की सुरक्षा के लिए वोल्टेज स्टेबलाइजर का उपयोग करना फायदेमंद हो सकता है। इससे अचानक आने वाले पावर फ्लक्चुएशन से मशीन को नुकसान पहुंचने की संभावना कम हो जाती है और एसी की उम्र भी बढ़ती है।

एसी के लिए अलग बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल करें: एसी जैसे अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों को किसी अन्य बड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ एक ही सॉकेट या एक्सटेंशन बोर्ड में नहीं लगाना चाहिए। ऐसा करने से बिजली पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है और शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ सकता है। एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि एसी के लिए अलग पावर लाइन और उचित सुरक्षा के लिए एमसीबी (MCB) का उपयोग किया जाए, ताकि बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या और दुर्घटना की संभावना कम हो सके।

आउटडोर यूनिट की सफाई भी जरूरी : अक्सर लोग केवल एसी की इनडोर यूनिट की सफाई पर ध्यान देते हैं, लेकिन बाहरी यूनिट की देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। धूल, सूखे पत्ते और अन्य गंदगी जमा होने से हवा का प्रवाह प्रभावित होता है, जिससे एसी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए आउटडोर यूनिट को साफ और खुली जगह में रखना चाहिए।

कूलिंग में कमी को नजरअंदाज न करें: अगर आपका एसी लगातार चल रहा है, लेकिन कमरा ठीक से ठंडा नहीं हो रहा है, तो इसमें कोई खराबी या गैस लीक की समस्या हो सकती है। ऐसी स्थिति में एसी की जल्द जांच करानी चाहिए, ताकि आगे कोई बड़ी दिक्कत न हो। इसके अलावा अगर प्लग ढीला हो, तार जले हुए दिखें, चिंगारी निकले या बिजली से जुड़ी कोई नॉर्मल बात नजर आए, तो उसे नजरअंदाज न करें।

इमरजेंसी में उठाएं सही कदम: अगर एसी से जलने की बदबू आए, धुआं निकलता दिखे या कोई अजीब आवाज सुनाई दे, तो उसे तुरंत बंद कर दें और बिजली का स्विच भी ऑफ कर दें। ऐसी स्थिति में एसी पर पानी न डालें, क्योंकि इससे खतरा बढ़ सकता है। इसके बजाय किसी तकनीशियन को बुलाकर एसी की जांच करवाएं। जब तक खराबी पूरी तरह ठीक न हो जाए, तब तक एसी का इस्तेमाल न करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।