कन्फर्म बर्थ को लेकर ट्रेन में हंगामा, हटने को कहा तो 5 लड़कियां करने लगी बहस! जानिए पूरा मामला

आला हजरत एक्सप्रेस में एक यात्री की कन्फर्म बर्थ पर पांच लड़कियां बैठी मिलीं। सीट खाली करने को कहने पर वे उससे बहस करने लगीं। मामला बढ़ने पर TTE मौके पर पहुंचा और टिकट चेक करने के बाद लड़कियों को अगले स्टेशन पर उतरने के लिए कहा। इस घटना को यात्री ने रेडिट पर शेयर किया है।

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 1:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

ट्रेन में कन्फर्म सीट मिलने के बाद भी अगर उस पर कोई दूसरा बैठा हो, तो सफर शुरू होने से पहले ही परेशानी बढ़ जाती है। एक यात्री के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। वह लंबा सफर तय करके अपनी बर्थ पर पहुंचा तो वहां पहले से कुछ लड़कियां बैठी थीं। यात्री ने उनसे सीट खाली करने को कहा, लेकिन वे उल्टा उससे बहस करने लगीं।

इस पूरी घटना को यात्री ने रेडिट पर शेयर किया है। उसने बताया कि ट्रेन करीब डेढ़ घंटे लेट थी। जब वह अपनी कन्फर्म बर्थ पर पहुंचा, तो वहां पांच लड़कियां बैठी थीं। इसके बाद उसने उनसे अपनी सीट खाली करने के लिए कहा।

सीट को लेकर हुई बहस


यात्री के मुताबिक, ग्रुप में 'L' नाम की एक लड़की सबसे ज्यादा बहस कर रही थी। जब उसने सीट खाली करने को कहा, तो लड़की ने जवाब दिया कि इतनी देर तक यहां कोई नहीं आया था, अब अचानक कैसे आ गया?

इस पर यात्री ने समझाया कि ट्रेन में लोग अलग-अलग स्टेशनों से चढ़ते हैं। अगर कोई यात्री पहले स्टेशन से नहीं आया, तो इसका मतलब यह नहीं कि उसकी सीट पर कोई दूसरा बैठ जाए।

सीट खाली करने के बजाय करने लगी बहस

यात्री ने बताया कि इन लड़कियों की वजह से एक दूसरे परिवार को भी परेशानी हो रही थी। लड़कियां उस परिवार की कन्फर्म सीट पर बैठी थीं। जब परिवार ने उनसे सीट खाली करने और सफाई करने को कहा, तो एक लड़की ने कहा कि उसने गंदगी नहीं की है। वहां पहले से ही ऐसा था। इस बात पर वह परिवार की एक महिला से भी बहस करने लगी।

जब यात्री ने लड़की को बताया कि वह उसकी कन्फर्म सीट पर भी बैठी है, तो उसने उसे बीच में बोलने से मना कर दिया। यात्री ने कहा कि जब वह उसकी सीट पर बैठी है, तो वह चुप कैसे रह सकता है। इसके बाद दोनों के बीच बहस होने लगी।

कुछ देर बाद TTE वहां पहुंच गया। उसने लड़कियों के टिकट चेक किए और पाया कि उनके पास उन बर्थ का कन्फर्म रिजर्वेशन नहीं था। इसके बाद उसने कथित तौर पर उन्हें अगले स्टेशन पर उतरने के लिए कहा।

यात्री ने TTE के आने को पूरे मामले का सबसे बड़ा मोड़ बताया। उसके मुताबिक, अधिकारी के पहुंचते ही बहस खत्म हो गई और दूसरे यात्रियों को भी राहत मिली।

POV: You choose a sleeper coach to save money and accidentally enter a courtroom by u/Fragrant_Tax_2506 in indianrailways

इस पोस्ट पर कई लोगों ने कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा कि काश इस घटना का वीडियो भी होता। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि ऐसी स्थिति में बहस करने के बजाय TTE को शिकायत करनी चाहिए।

कुछ लोगों ने बिना टिकट दूसरे की सीट पर बैठने को गलत बताया। पोस्ट करने वाले यात्री ने कमेंट में बताया कि यह घटना आला हजरत एक्सप्रेस की है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।